
0 मंत्रिमंडल में लोढा सबसे अमीर, सीएम शिंदे सबसे कम पढ़े-लिखे
मुंबई। एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का पद संभालने के करीब 40 दिनों के बाद मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करके 18 नये चेहरों को शामिल किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेंद्र फडणवीस राज्य के उप मुख्यमंत्री हैं और दोनों पार्टियों के बीच 50-50 के फॉर्मूले पर मंत्रियों ने आज शपथ ली। श्री शिंदे की नई टीम में सभी मंत्री करोड़पति हैं। सबसे अमीर मालाबार हिल्स सीट से भाजपा विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा हैं, जबकि मुख्यमंत्री खुद सबसे कम 10वीं पास हैं।
भाजपा और शिवसेना (शिंदे समूह) के 18 नए मंत्रियों ने राजभवन में शपथ ली। कैबिनेट में शामिल होने वालों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, सुरेश खाड़े, गिरीश महाजन, रवींद्र चव्हाण, मंगल प्रभात लोढ़ा, विजयकुमार गावित और अतुल सावे शामिल हैं। वहीं शिंदे समूह से दादा भुसे, शंभूराजे देसाई, संदीपन भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर, गुलाबराव पाटिल और संजय राठौड को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
श्री शिंदे ने इससे पहले दक्षिण मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में शिवसेना विधायकों से मुलाकात की ताकि शपथ न लेने वालों को शांत किया जा सके। शिंदे की नई टीम में सभी के सभी मंत्री करोड़पति हैं। इसमें सबसे ज्यादा संपत्ति मालाबार हिल्स सीट से भाजपा विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा के पास है।
नए मंत्रियों में से 70% दागी, सभी करोड़पति
शिंदे की नई टीम में सभी मंत्री करोड़पति हैं। सबसे अमीर मालाबार हिल्स से भाजपा विधायक मंगल प्रभात लोढा हैं। सबसे कम यानी 2 करोड़ की प्रॉपर्टी पैठण सीट से विधायक संदीपन भुमरे के पास है। कैबिनेट में 12 ऐसे मंत्री हैं, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से कुछ पर गंभीर धाराएं भी लगी हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिंदे पर 18 और उप मुख्यमंत्री पर 4 क्रिमिनल केस दर्ज हैं।
मुख्यमंत्री सबसे कम पढ़े लिखे
नई कैबिनेट में एक मंत्री 10वीं और 5 बारहवीं पास हैं। इनके अलावा एक इंजीनियर, 7 ग्रेजुएट, 2 पोस्ट ग्रेजुएट और एक डॉक्टरेट की उपाधि ले चुके हैं। बीजेपी के विधायक सुरेश खाडे सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। सीएम शिंदे भी 10वीं पास हैं और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ग्रेजुएशन किया है।
मंगल प्रभात लोढा के पास 441 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति
मंत्री मंगल प्रभात लोढा पेशे से बिल्डर हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 441 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। इनमें से 252 करोड़ रुपए से अधिक की चल संपत्ति और करीब 189 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। 14 लाख रुपए की जगुआर कार, बॉन्ड और शेयर में अन्य निवेश हैं। लोढा के पास दक्षिण मुंबई में पांच फ्लैट हैं। राजस्थान में एक प्लॉट और उनकी पत्नी के पास मालाबार हिल्स इलाके में एक मकान है। हलफनामे के मुताबिक, लोढा पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वे छह बार विधायक रहे हैं।
