0 हैदराबाद में लगे सिर तन से जुदा के नारे
हैदराबाद। हैदराबाद में मंगलवार को पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले भाजपा विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद भाजपा ने भी गोशामहल से विधायक टी. राजा को पार्टी से निलंबित कर दिया। टी. राजा ने एक वीडियो जारी कर पैगंबर मोहम्मद के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। बाद में उन्होंने इसे मजाक बताया था। बयान के बाद बड़ी संख्या में लोग उनके विरोध में सड़कों पर उतरे थे।
टी राजा के बयान के खिलाफ सोमवार रात से ही हैदराबाद में जगह-जगह प्रदर्शन जारी हैं। नाराज भीड़ ने 'गुस्ताखे नबी की एक ही सजा, सिर तन से जुदा' के नारे लगाते हुए टी राजा की गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने टी राजा के बयान की तुलना पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान से की थी।
पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया
इसके बाद दबीरपुरा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ IPC की 295(a), 153(a) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों में से भी कई लोगों को हिरासत में लिया है। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर ऑफिस, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस ऑफिस और पुराने पुलिस कमिश्नर ऑफिस के दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ओवैसी ने कहा- भाजपा दंगे कराना चाहती है
राजा सिंह के कथित बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा- 'मैं भाजपा विधायक के बयान की निंदा करता हूं। भाजपा तेलंगाना में अमन को खराब करना चाहती है, भाजपा हैदराबाद के अमन को खराब करना चाहती है और यहां पर सांप्रदायिक दंगे कराना चाहती है।'
कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के खिलाफ जारी किया वीडियो
भाजपा विधायक ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के खिलाफ एक वीडियो जारी किया था। मुनव्वर ने पिछले हफ्ते ही हैदराबाद में एक कॉमेडी शो में परफॉर्म किया था। इससे पहले राजा सिंह ने फारुकी के शो को रोकने की धमकी दी थी और सेट को आग लगा देने की बात कही थी। राजा सिंह का कहना था कि मुनव्वर फारुकी ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इस धमकी के बाद उन्हें हाउस अरेस्ट में रखा गया था।
