Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भाजपा का वॉकआउट; नीतीश बोले- ये भाग गए 

पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार ने आज विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया।
नवगठित महागठबंधन सरकार के विश्वास मत हासिल करने के लिए बुधवार को विधानसभा की आहूत बैठक में नीतीश सरकार के पक्ष में 160 सदस्यों ने वोट किया। वहीं, विपक्षी सदस्यों के सदन से बर्हिगमन के कारण सरकार के विपक्ष में एक भी मत नहीं पड़े।

नीतीश सरकार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) और एक निर्दलीय समेत 164 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। लेकिन, बीमार होने के कारण जदयू के विजेंद्र प्रसाद यादव और बीमा भारती तथा अन्य वजह से भाकपा के सूर्यकांत पासवान और हम के प्रफुल्ल मांझी आज सदन में उपस्थित नहीं हो सके।

ऐसे में नीतीश सरकार के पक्ष में 160 सदस्यों ने विश्वास जताया, जिसमें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अख्तरुल ईमान भी शामिल हैं। सदन का संचालन विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने किया इसलिए वह मतदान में शामिल नहीं हुए। 

इसके पहले भी बीजेपी ने सीएम के भाषण के दौरान ही वॉकआउट किया था। सदन की अध्यक्षता डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने की। फ्लोर टेस्ट पर बहस के दौरान BJP ने मुख्यमंत्री पर तंज कसा। पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा- ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे नीतीश ने ठगा नहीं।

इस पर सीएम नीतीश कुमार ने विधानसभा में भाजपा के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मेरे साथ 7 दल हैं। आठवें ने भी समर्थन कर दिया है। सिर्फ आप विपक्ष में हैं।' उन्होंने भाजपा नेताओं को कहा कि जितना बोलोगे, उतना ही केंद्र वाला जगह देगा। बीजेपी विधायकों ने नारेबाजी करके वॉकआउट किया जिस पर CM ने कहा कि ये भाग गए।

नीतीश कुमार ने कहा कि दिल्ली से प्रचार हो रहा है। कोई काम नहीं हो रहा है। हम लोग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने भाजपा से पूछा कि आजादी में क्या योगदान है। एक-एक गांव और एक-एक घर में हम अपनी बात रखेंगे। चाहे जितना दुष्प्रचार करें, हम मिलकर काम करेंगे। सच्चाई साथ है। ये समाज में झगड़ा कराना चाहते हैं। इसके पहले तेजस्वी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां बीजेपी हारती है, वहां-वहां अपने तीनों जमाइयों को आगे कर देती है।