0 38 मिनट बिना प्रधानमंत्री के रहा ब्रिटेन; कैबिनेट में ऋषि सुनक को नहीं मिलेगी जगह
लंदन। लिज ट्रस ब्रिटेन की 56वीं प्रधानमंत्री बन गई हैं। मंगलवार को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में क्वीन एलिजाबेथ ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। आमतौर पर यह कार्यक्रम लंदन के बकिंघम पैलेस में होता है, लेकिन क्वीन इस वक्त स्कॉटलैंड में हैं। 96 साल की क्वीन खराब सेहत के चलते यात्रा नहीं कर पा रही हैं। इसलिए नए पीएम की शपथ स्कॉटलैंड में हुई।
इस मामले में खास बात यह है कि लिज ने उन्हीं क्वीन एलिजाबेथ के सामने शपथ ग्रहण की, जिनका वो 1994 में खुला विरोध कर चुकी हैं। यह भी रोचक है कि राजशाही का विरोध करने वाली पहली महिला प्रधानमंत्री को क्वीन ने ही पीएम की सील या मुहर भी सौंपी।
‘द मिरर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषि सुनक को ट्रस कैबिनेट में जगह नहीं मिलेगी। सभी नाम तय हो चुके हैं। टॉप 4 पोजिशन पर सभी अश्वेत सांसदों के नाम बताए गए हैं। जॉनसन सरकार में सुनक वित्त मंत्री थे। कोविड के दौर में ब्रिटेन को मुश्किल से उबारने के लिए उनकी दुनिया में तारीफ हुई थी।
इसके पहले बोरिस जॉनसन ने पीएम हाउस 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बतौर प्रधानमंत्री आखिरी भाषण दिया। इसमें वापसी का भरोसा दिलाया। फिर पत्नी कैरी के साथ स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल पहुंचे। महारानी को इस्तीफा सौंप दिया।
करीब 38 मिनट बिना पीएम के रहा ब्रिटेन
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्कॉटलैंड में क्वीन से मुलाकात के लिए लिज और जॉनसन अलग-अलग एयरक्राफ्ट से पहुंचे। जॉनसन को इस्तीफा सौंपना था और लिज को अपॉइंटमेंट लेटर मिलना था। लंदन से बाल्मोरल कैसल आने-जाने का सफर करीब 1300 किलोमीटर का है। पहले जॉनसन और पत्नी कैरी क्वीन के पास पहुंचे। इस्तीफा दिया और प्रधानमंत्री बनाने के लिए महारानी का शुक्रिया अदा किया। इसके करीब 38 मिनट बाद लिज पहुंचीं। अपॉइंटमेंट लेटर लिया और क्वीन को थैंक्स कहते हुए हाथ मिलाया। जॉनसन के इस्तीफे और लिज की नियुक्ति के बीच जो समय रहा, उस दौरान ब्रिटेन का कोई प्रधानमंत्री नहीं था।