Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। कांग्रेस ने गोवा में ‘ऑपरेशन कमल’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए आज कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रही सफलता से भाजपा नेतृत्व परेशान है इसलिए वह इस तरह की गंदी राजनीति कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल पर कहा कि ऑपरेशन कमल को चाणक्य नीति कहते हैं लेकिन सच्चाई यह है कि यह सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है। गोवा में विधायक प्रवर्तन निदेशालय-ईडी या किस डर से भाजपा में गये इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन भारत जोड़ो यात्रा के कारण भाजपा परेशान है इसलिए इस तरह के आपरेशन चला रही है।

उन्होंने कहा कि देश का आम आदमी महंगाई से परेशान है और भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन इस बारे में शिकायतें आ रही है। गोवा के जिन विधायकों ने चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट मांगा था आज उसी भाजपा में किस मुंह से जा रहे हैं यह सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए। उनका कहना था कि जो माहौल तैयार किया गया है उसमें विपक्ष की राजनीति करना आज सबसे कठिन काम हो गया है। भाजपा की इस मानसिकता को दीवालियापन या अनैतिकता कहूं यह समझ नहीं आ रहा है।

इससे पहले पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा,“भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के कारण गोवा में भाजपा ने ऑपरेशन किचड़ को तेजी से चलाया है। भाजपा इस यात्रा की सफलता से परेशान है। यात्रा को कमजोर करने के लिए ध्यान भटकाने और दुष्प्रचार की हर दिन खुराक दी जा रही है लेकि हम अडिग हैं। भाजपा की इन गंदी चालों का हम पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।”

संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ट्वीट कर कहा, “सुना है भारत जोड़ो यात्रा से बौखलाई भाजपा ने गोवा में ‘ऑपरेशन कीचड़’ आयोजित किया है। सफ़र में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो…जो भारत जोड़ने के इस कठिन सफ़र में साथ नहीं दे पा रहे, वो भाजपा की धमकियों से डर कर तोड़ने वालों के पास जाएँ तो यह भी समझ लें कि भारत देख रहा है।”

गौरतलब है कि गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के 11 में से आठ विधायक आज भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने से पहले कांग्रेस के इन बागी विधायकों ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भी मुलाकात की थी।