0 राजद की बैठक में कहा- अमित शाह बिहार आ रहे हैं, हमें चौकन्ना रहना है
पटना। देश में 2024 में होने वाले आम चुनाव के पहले विपक्षी दल महागठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मैं जल्द ही नीतीश कुमार के साथ दिल्ली जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात करूंगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल से भी मुलाकात करूंगा। देश में भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक पार्टियां एकजुट हो रही हैं।
लालू ने कहा कि मैं अपनी आइडियोलॉजी पर मजबूती से कायम हूं। कई पार्टियों ने भाजपा के साथ समझौता कर घुटने टेक दिए, लेकिन ना मैं झुका हूं और ना ही कभी झुकुंगा। भाजपा हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है अगर मैं झुक जाता तो मुझे इतने दिन जेल में नहीं रहना पड़ता।
लालू ने पार्टी की राज्य परिषद की बैठक में कहा कि 2024 में भाजपा को हम लोग उखाड़ फेकेंगे। अभी किशनगंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आ रहे हैं। शाह के मन में कुछ न कुछ काला है। सभी को चौकन्ना रहना है। ये लोग अजीब हैं, मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करके उन्माद फैलाते हैं। मस्जिद पर भगवा झंडा फहरा देते हैं। तनाव पैदा करते हैं।
लालू प्रसाद ने संस्मरण सुनाया
लालू ने कहा कि मैंने और शरद यादव ने मिलकर मंडल की बड़ी लड़ाई लड़ी। अब सभी लोग आरक्षण की बात कर रहे हैं, चाहे भाजपा हो या अन्य पार्टियां। लालू प्रसाद ने राज्य परिषद के सदस्यों को संस्मरण सुनाया। कहा कि हम जब क्षेत्र में जाते थे तो गरीबों की झोपड़ियों में चले जाते थे और पूछते थे कि क्या खाना पका है? लोग बताते थे कि मक्के की रोटी और सब्जी बनी है। हम उनसे मांग कर खाना खाते थे। इससे प्रेम और लगाव बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह बहुत अनुशासन के साथ पार्टी को चला रहे हैं। हम चाहते हैं कि वे क्षेत्र में जाएं और लोगों के बीच भाषण करें।
23 सितंबर को अमित शाह का दौरा
23 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बिहार दौरा है। इसको लेकर नीतीश-तेजस्वी सरकार का रवैया कैसा रहता है इसका सभी को इंतजार रहा है। हाल ही में नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़ राजद-कांग्रेस-लेफ्ट का साथ ले लिया है।
