जम्मू। पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद कल यानी 26 सितंबर को अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। आजाद रविवार सुबह तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे। वे जम्मू एयरपोर्ट से सीधे गांधी नगर स्थित अपने घर गए। यहां आजाद ने पत्रकारों से कहा कि सोमवार को मैं नई पार्टी की घोषणा करूंगा, इसके लिए आप सब को आमंत्रित कर रहा हूं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुलाम नबी आजाद के एक करीबी ने बताया कि रविवार को वे दो बैठकें करेंगे। इसमें उनकी नई पार्टी में शामिल होने वाले नेता और उनके सहयोगी शामिल होंगे। इन नेताओं में पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद, डॉ. मनोहर लाल शर्मा, जीएम सरूरी, अब्दुल मजीद वानी, बलवान सिंह, गौरव चोपड़ा, जुगल किशोर जैसे नाम शामिल हैं।
आजाद 25 और 26 सितंबर को जम्मू में रहेंगे, 27 अगस्त को वे श्रीनगर के दौरे पर जाएंगे। 28 अगस्त को पूर्व कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि नई पार्टी के नाम और झंडे को अंतिम रूप दे दिया गया है। जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक नई पार्टी, नया अध्याय लिखेगी।
क्या है आजाद की पार्टी की प्राथमिकता
गुलाम नबी आजाद ने 26 अगस्त को कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद सहित कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने कांग्रेस छोड़ दी थी। कांग्रेस छोड़ने के साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर में नई पार्टी लॉन्च करने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करना और स्थानीय लोगों को भूमि और नौकरी के अधिकारों की रक्षा करना है।
आजाद ने सोनिया को पांच पन्ने की चिट्ठी भेजी थी
इधर आजाद ने अपने इस्तीफे के तौर पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पांच पन्ने की चिट्ठी भेजी है। इस्तीफे के इन पन्नों में 7 किरदार और 3 हालात हैं। सबसे सख्त बयान राहुल को लेकर है। आजाद ने उन्हें कांग्रेस की बर्बादी की वजह बताया है।