नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने केंद्र के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 4% बढ़ाने का फैसला लिया है। पिछली बार सरकार ने मार्च में डीए बढ़ाया था, यह 1 जनवरी 2022 से लागू हुआ था।
मार्च में सरकार ने डीए में 3% की बढ़ोतरी की थी, यानी इसे 31% से बढ़ाकर 34% कर दिया गया था। अब 4% बढ़ने के बाद यह 38% हो जाएगा। सरकार के महंगाई भत्ते बढ़ाने से देश के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होगा।
इसके अलावा कैबिनेट ने PM गरीब कल्याण योजना को 3 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं देश के 3 सबसे बड़े स्टेशन नई दिल्ली, मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल और अहमदाबाद स्टेशन के रिडेवलपमेंट के लिए 10 हजार करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।
महंगाई भत्ता यानी डीए क्या है?
महंगाई भत्ता कर्मचारी के बेसिक सैलरी का एक निश्चित परसेंट होता है। देश में महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देती है। इसे समय-समय पर बढ़ाया जाता है। रिटायर्ड कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलता है।