0 पुलवामा में सीआरपीएफ का जवान घायल
0 शाह के दौरे से दो दिन पहले हुआ अटैक
पुलवामा। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। सीआरपीएफ का एक जवान भी घायल है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक ये हमला उस समय हुआ, जब पुलवामा के पिंगलान इलाके में सीआरपीएफ और पुलिस की जॉइंट पार्टी पेट्रोलिंग कर रही थी। हमले के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुलिसकर्मी की मौत पर दुख जताया है।
इससे पहले शोंपियां में लश्कर के एक आतंकी मारा गया था। आतंकी की पहचान शोपियां निवासी नसीर अहमद भट के रूप में हुई। उसके पास भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि वह कई आतंकी अपराधों में शामिल था और हाल ही में एक मुठभेड़ से भाग निकला था। ये हमला अमित शाह के जम्मू-कश्मीर के दौरे से ठीक दो दिन पहले किया गया है।
4-5 अक्टूबर को घाटी जाएंगे अमित शाह
ये हमला ऐसे समय में हुआ है, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी 4-5 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आने वाले हैं। वे 4 अक्टूबर को राजौरी और 5 अक्टूबर को बारामूला में रहेंगे। अमित शाह के दौरे से पहले जम्मू-कश्मीर में 5 दिनों में 7 आतंकी ढेर किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अमित शाह की दौरे को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। अमित शाह का जम्मू दौरा 30 सितंबर के लिए तय किया गया था, लेकिन घाटी में लगातार हो रहे आतंकी हमले को देखते उनके शिड्यूल में बदलाव किया गया था। 27 सितंबर को इसे स्थगित कर दिया गया।
गृह मंत्री का कार्यक्रम
अमित शाह 4-5 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे। यात्रा के पहले दिन राजौरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही वहां कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद शाह सुबह वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा करने के बाद जम्मू में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। 5 अक्टूबर को वह श्रीनगर के राजभवन में होने वाली बैठक में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। श्रीनगर और बारामूला में अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात भी करेंगे।