Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जान को खतरा होने की विशेष सूचना मिलने के बाद उनकी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राज्य के खुफिया विभाग (एसआईडी) को शनिवार शाम को सीएम शिंदे की जान को खतरा होने के बारे में विशेष जानकारी मिली। राज्य के खुफिया आयुक्त आशुतोष डुम्ब्रे ने खतरे की पुष्टि की।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक अधिकारी ने बताया कि विशेष सूचना मिलने के बाद हमने आवश्यक कार्रवाई की है और मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उन्होंने कहा कि ठाणे में शिंदे के निजी आवास और मुंबई में आधिकारिक आवास 'वर्षा' की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शिंदे पांच अक्टूबर को मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में अपनी पहली दशहरा रैली को संबोधित करने वाले हैं।

शिंदे को मिला था धमकी पत्र
एकनाथ शिंदे इस साल जून में मुख्यमंत्री बने थे, जब शिवसेना (Shiv Sena) के विधायकों के साथ उनके विद्रोह के कारण उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी। शिंदे को एक धमकी पत्र मिला था, जिसके बारे में संदेह है कि वह पिछले अक्टूबर में नक्सलियों द्वारा भेजा गया था, जब वह शहरी विकास मंत्री थे और नक्सलवाद से प्रभावित गढ़चिरौली जिले के संरक्षक मंत्री भी थे।

गौरतलब है कि शिवसेना के ही टिकट पर एकनाथ के बेटे श्रीकांत शिंदे भी कल्याण सीट से सांसद हैं। अक्टूबर, 2014 से दिसंबर, 2014 तक महाराष्ट्र विधानसभा में वे विपक्ष के नेता रहे। 2014 में ही महाराष्ट्र राज्य सरकार में PWD के कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त हुए। 2019 में कैबिनेट मंत्री सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री (महाराष्ट्र सरकार) का पद मिला था।