नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने नागपुर रेलवे स्टेशन पर देश की छठी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन नागपुर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले तक चलेगी।
नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में छह दिन तक चलेगी। यह यात्रा छह घंटे पूरी होगी। इससे पहले अक्टूबर में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। सरकार का लक्ष्य अगले साल तक 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने का है।
नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चली थी पहली वंदे भारत ट्रेन
पहली वंदे भारत ट्रेन को नई दिल्ली और वाराणसी के बीच 15 फरवरी 2019 को हरी झंडी दिखाई गई थी। दूसरी ट्रेन दिल्ली से कटरा, तीसरी ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद, चौथी ट्रेन नई दिल्ली से अंब अंदौरा (ऊना) और पांचवी ट्रेन मैसूर से चेन्नई के बीच चलती है।
पांचवीं वंदे भारत ट्रेन को 11 नवंबर 2022 को मैसूर-चेन्नई रूट पर हरी झंडी दिखाई गई। 13 अक्टूबर 2022 को पीएम मोदी ने चौथी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब अंदौरा से नई दिल्ली के बीच चलती है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी का किराया 245 रुपये, थ्री टियर का किराया 600 रुपये, टू टियर का किराया 950 रुपये और फर्स्ट क्लास का टिकट 1585 रुपये है।