Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मालीवाल बोलीं- अंजलि जैसा हश्र होने वाला था

नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को नशे में धुत एक कार ड्राइवर ने 15 मीटर तक घसीटा। यह घटना बुधवार देर रात एम्स हॉस्पिटल के पास की है, जब स्वाति दिल्ली की सड़कों पर रियलिटी चेक करने निकली थीं। मामले में पुलिस ने आरोपी हरीश चंद्र को अरेस्ट कर लिया है। इस घटना को लेकर स्वाति ने कहा कि उनके साथ अंजलि जैसा हादसा होने वाला था। उन्हें बस भगवान ने बचा लिया।

स्वाति सड़कों पर रियलिटी चेक करने निकलीं, तभी हुई घटना
स्वाति ने न्यूज एजेंसी को बताया कि जब वे दिल्ली की सड़कों पर महिला सुरक्षा के हालात का जायजा ले रही थी, तो नशे में धुत एक कार ड्राइवर उनके पास आया और अपनी कार में उनसे बैठने की जिद करने लगा। जब स्वाति ने मना कर दिया तो वह कार लेकर आगे चला गया, लेकिन 10 मिनट बाद फिर यू-टर्न लेकर आया और बगल में चलने लगा।

इसके बाद वह उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा, गंदे इशारे करने लगा। जब स्वाति उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ीं तो उसने गाड़ी के शीशे बंद कर दिए। इस दौरान स्वाति का हाथ शीशे में फंसा रह गया, लेकिन आरोपी रुका नहीं। वह करीब 15 मीटर तक स्वाति को घसीटता रहा।

मेरा हश्र अंजलि जैसा होने वाला थाः स्वाति
स्वाति ने कहा कि मेरी टीम के लोग कुछ दूरी पर मेरा इंतजार कर रहे थे। जब उन्होंने मुझे कार से घिसटते हुए देखा तो एक टीम मेंबर जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर आरोपी ने मुझे छोड़ा। अगर वो मुझे नहीं छोड़ता तो मेरे साथ वैसी ही घटना होती जैसी अंजलि के साथ हुई थी। स्वाति ने दिल्ली के लॉ इन ऑर्डर पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान ने मेरी जान बचाई है। अगर दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं, तो फिर आम जनता का क्या होगा।

आरोपी को अरेस्ट करके पूछताछ की जा रहीः डीसीपी
साउथ दिल्ली के डीसीपी चंदन सिंह ने मामले में कहा कि स्वाति ने हौज खास थाने में घटना की शिकायत की थी। मामले की जांच की गई तो आरोपी की पहचान 47 साल के हरीश चंद्र के रूप में हुई। उसे अरेस्ट कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।