Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 डीके सुरेश के अलग देश बनाने के बयान पर कहा
0 खरगे के बयान से पूरे सदन ठहाकों से गूंज उठा

नई दिल्ली। बजट सेशन के तीसरे दिन शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान से पूरे सदन ठहाकों से गूंज उठा। दरअसल, खरगे कर्नाटक के कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के दक्षिण के अलग राज्यों को मिलाकर एक अलग देश के बयान पर पार्टी का पक्ष रख रहे थे।

राज्यसभा में खड़गे ने कहा कि अगर कोई देश को तोड़ने की बात करेगा, तो हम इसे कभी सहन नहीं करेंगे। चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। मैं खुद कहूंगा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक हम एक हैं और एक रहेंगे।

इसके आगे उन्होंने लोकसभा चुनाव की संभावनाओं पर भी चुटकी ली। खरगे ने प्रधानमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा कि बहुमत आपका है। पहले ही 330 सांसद हैं, अब तो 400 पार का नारा लग रहा है। इसके बाद राज्यसभा में मौजूद पक्ष और विपक्ष के सांसद जोर-जोर से हंसने लगे। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के बयान पर हंगामा
संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश हुआ। इस बीच कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के बयान पर भी जमकर हंगामा हुआ। प्रह्लाद जोशी ने मांग करते हुए कहा कि डीके सुरेश के अलग देश के बयान वाले मामले को एथिक्स कमेटी में भेजा जाए। राज्यसभा को 5 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया, हालांकि लोकसभा की कार्यवाही का समय शुक्रवार को 2 घंटे बढ़ाया गया। आमतौर पर यह शाम 6 बजे तक ही चलती है।

तो दक्षिण राज्य अलग देश की मांग को मजबूर होंगेः सुरेश
संसद में 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया। इस पर रिएक्शन देते हुए कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने कहा कि दक्षिण भारत के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि जो पैसा दक्षिण तक पहुंचना चाहिए था, उसे डायवर्ट कर उत्तर भारत में बांटा जा रहा है। अगर इस अन्याय को दूर नहीं किया गया तो दक्षिणी राज्य एक अलग देश बनाने की मांग करने के लिए मजबूर होंगे। बेंगलुरु ग्रामीण से सांसद सुरेश ने दावा किया कि दक्षिणी राज्यों से लिया जाने वाला टैक्स उत्तर भारत को दिया जा रहा है। साथ ही दक्षिण भारत पर हर मामले में हिंदी थोपी जा रही है। अगर केंद्र कर्नाटक को उसके हिस्से का पैसा दे दे तो यह काफी होगा।