Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीएम ने कहा-जो भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रहे, वो यह झूठ फैला रहे

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 30 अप्रैल को महाराष्ट्र और तेलंगाना के दौरे पर हैं। अब तक वे महाराष्ट्र के धाराशिव, माढा और लातूर में सभाएं कर चुके हैं। धाराशिव में उन्होंने कहा कि जो विरोधी भाजपा सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहे, वे सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो चलाकर तकनीक का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

अब उनकी हालत ऐसी है कि जब उनका झूठ काम नहीं कर रहा तो वे मेरे चेहरे का इस्तेमाल कर रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अपनी मोहब्बत की दुकान में फेक वीडियो बेच रहे हैं। झूठ की यह दुकान बंद होनी चाहिए। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार दुनियाभर में बाजरा को लोकप्रिय बनाने पर जोर दे रही है। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि बाजरा दुनियाभर में खाने की मेज तक पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मेरे लिए राजकीय रात्रिभोज दिया था, उसके मेन्यू में बाजरा था।

कांग्रेस का पंजा जनता का पैसा लूटता था
पीएम मोदी ने माढा में कहा कि कांग्रेस का पंजा जनता का पैसा लूटता था। जिसके पास 400 सांसद थे, अब वो 250 लोगों को चुनाव भी नहीं लड़वा पा रही है। आपको कांग्रेस के एक्सरे से सावधान रहना है। कांग्रेस के शहजादे गली-गली घूमकर कह रहे हैं कि उनको मौका मिलेगा तो वो आपका एक्सरे निकालेंगे। आपके घर में पड़े सोने और संपत्ति का ये हिसाब लगाएंगे। इसके बाद इसे बांट देंगे। कांग्रेस वाले विरासत टैक्स की भी बात कर रहे हैं। कांग्रेस कहती है कि जो आप बचत करते हैं उस पर सरकार का भी हक होगा। ये मार्क्सवादियों और नक्सलवादियों की विचारधारा है। मोदी ने 29 अप्रैल को महाराष्ट्र के सोलापुर, सातारा, पुणे और कर्नाटक के बागलकोट में रैलियां की थीं।

जब रिमोट कंट्रोल वाली सरकार चलती थी
पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल पहले, जब रिमोट कंट्रोल वाली सरकार चलती थी, तब महाराष्ट्र के कद्दावर नेता कृषि मंत्री थे। जब यहां के कद्दावर नेता दिल्ली में राज करते थे, तब गन्ने का एफआरपी करीब 200 रुपए था और आज मोदी के सेवाकाल में गन्ने का एफआरपी करीब 350 रुपए है।

अयोध्या में 500 साल के बाद भव्य राम मंदिर बना
पीएम मोदी ने कहा कि आज अयोध्या में 500 साल के बाद भव्य राम मंदिर बना है। राम मंदिर बनने से हर कोई खुश है। अंग्रेजों के जाने के बाद पहले ही दिन राम मंदिर का काम शुरू होना चाहिए। कांग्रेस की वोटबैंक की राजनीति के कारण ये लटका रहा। उन्होंने आपकी आस्था की चिंता नहीं की। कांग्रेस के पास मौका था, लेकिन उन्होंने सिर्फ रुकावटें पैदा कीं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस वाले कहते थे कि राम मंदिर बनेगा तो आग लग जाएगी। कोई आग लगी क्या। आपके वोट के कारण 500 साल का इंतजार खत्म हुआ है। जब देश में मजबूत सरकार होती है। तो उसका ध्यान वर्तमान के साथ ही भविष्य की योजनाओं पर भी होता है। यही सोचकर आज भाजपा सरकार रेल-रोड एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व खर्च कर रही है।

आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाना मिलता है
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में जितना खर्च किया उतना आज हम 1 साल में खर्च कर रहे हैं। 80 करोड़ देशवासियों को उनकी थाली भरी हुई रहती है। उनका चूल्हा जलता रहता है। आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाना मिलता है। इसका पुण्य आपको मिलता है। जिनके पास कभी 400 सांसद होते थे वो पार्टी आज 250-300 लोगों को चुनाव भी नहीं लड़वा पा रही है। अगर सरकार बनानी हो तो 272 सीटें तो चाहिए। जो सरकार बनाने के लिए नहीं लड़ रहे हैं उनके लिए आप वोट बर्बाद मत कीजिए। विकसित भारत बनाने में देश की नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। मोदी गांव की अपनी बहनों को सशक्त करने में जुटा है। बीते 10 वर्षों में हमारे प्रयासों से एक करोड़ बहनें लखपति दीदी बनी हैं। अब मोदी ने गारंटी दी है कि मैं 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाऊंगा।

tranding
tranding