Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भाजपा ने घोषणा-पत्र जारी किया, घोषणा में बड़े 20 वादे
0 यूपीएससी मेंस क्लियर करने पर 1 लाख रुपए
0 पार्टी ने घोषणा पत्र को अटल विश्वास पत्र नाम दिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में भारतीय जनता पार्टी ने 20 बड़े वादे किए हैं। पार्टी ने घोषणा पत्र को अटल विश्वास पत्र नाम दिया है। इसमें प्रॉपर्टी टैक्स में छूट देने का वादा किया गया है। साथ ही यूपीएससी मेंस क्लियर करने पर 1 लाख रुपए मिलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, घोषणा पत्र समिति के संयोजक अमर अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी सहित घोषणा पत्र समिति के सदस्य मौजूद रहे।

समिति के संयोजक अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के महापौर बनते ही पहले काम यह होगा कि जिनके पास पट्टा है, जो कब्जाधारी हैं समेकित कर और बिजली बिल पटाते हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए राशि दी जाएगी। इसमें नजूल भूमि के साथ सभी पट्टा धारकों को भूमि स्वामी बनाने का भी बड़ा वादा किया गया है।
 
भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि यह घोषणापत्र अटल जी की 100वीं जयंती और ‘अटल निर्माण वर्ष’ के अवसर पर उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण को सम्मानित करते हुए समर्पित किया गया है। घोषणापत्र को तैयार करने के लिए हमने प्रदेशव्यापी ‘सुझाव संग्रहण अभियान’ चलाया, जिसमें जनता से उनके सुझाव और अपेक्षाएं मांगी गईं। हमें हज़ारों सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से महत्वपूर्ण सुझावों को हमारी घोषणापत्र समिति ने शामिल किया। यह घोषणापत्र जनता की आकांक्षाओं और हमारी पार्टी के सेवा भाव का प्रतीक है। 

विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे : किरण देव
भाजपा पूरे नगरीय निकायो में विकास और सुशासन की दृष्टि से अटल विश्वास पत्र नगरीय निकाय 2025 जारी किया है। नगरीय निकाय क्षेत्र का विकास शून्य हो गया था। विकास न कर एक एटीएम की तरह व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया। इसके चलते हमारा नगरीय निकाय विकास की दृष्टि से बहुत पीछे चला गया। हमारे अटल जी कहते थें, मैं वादे लेकर नहीं इरादे लेकर आया हूं। इसी को चरितार्थ करते हुए हम विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे। हमारी डबल इंजान की सरकार की योजनाओं का लाभ तेजी से जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम था लूटो और बांटों। लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया, लेकिन हमारा ये अटल विश्वास पत्र अब जनता तक विकास पहुंचाएगा। 

जानिए क्या-क्या वादे किए गए 
0 नजूल भूमि के साथ सभी पट्टा धारकों को भूमि स्वामी बनाया जाएगा।
0 3 लाख पीएम आवास योजना को पूरा करेंगे। जो बिजली बिल और समेकित कर (टैक्स) देते हैं उन्हें आवास बनाने की पात्रता दी जाएगी।
0 महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रॉपर्टी टैक्स में 25% की छूट दी जाएगी। हर महीने 7 तारीख से पहले संपत्ति टैक्स जमा करने वालों को 10% की छूट दी जाएगी।
0 हर नगर निगम में महापौर सम्मान निधि की स्थापना होगी। इससे यूपीएससी मेंस पास करने वाले उम्मीदवारों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।
0 हर नगरीय निकाय के व्यवसायिक केंद्र में बिजली सड़क शौचालय पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगे।
0 बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की सुविधा का विस्तार होगा।
0 छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल और कॉलेज में मुफ्त वाई-फाई सुविधा तय करेंगे।
0 स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम सम्मान निधि से 30 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्मार्ट वेंडिंग जोन, फूड स्ट्रीट की स्थापना करेंगे।
0 समाधान योजना के तहत बिना जुर्माना या ब्याज लगाए पुराने संपत्ति टैक्स को एक मुश्त निपटाया जाएगा।
0 स्कूल और कॉलेज में छात्रों के लिए फ्री सैनिटरी पैड की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
0 स्व सहायता समूह के लिए हर नगर निगम में बर्तन बैंक बनाएंगे। महतारी वंदन योजना की महिलाओं को ढाई लाख रुपए तक का ऋण और फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी।
0 यूजर चार्ज का युक्त युक्तिकरण किया जाएगा, यानी इसे कम किया जा सकता है।
0 हर घर में कचरा बाल्टी दी जाएगी। रात में भी सफाई होगी। स्मार्ट वेस्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा।
0 माय सिटी मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा इसमें नगर निगम की सीमाएं ऑनलाइन होगी। हर जोन में एक सेवा केंद्र बनाया जाएगा ताकि बार-बार नगर निगम दफ्तर ना जाना पड़े।।
0 नल-जल व्यवस्था को बेहतर करेंगे, पानी टंकियां बनाएंगे।
0 सिकल सेल एनीमिया मुक्त प्रदेश के लिए नगर निगम क्षेत्र में स्क्रीनिंग केंद्र स्थापित करेंगे।
0 हर तालाबों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा, ताकि तालाब स्वच्छ रहें।
0 हर नगर निगम क्षेत्र में गोकुल नगर बनाए जाएंगे ताकि गोवंश संरक्षण देखभाल और उनके रहने का बंदोबस्त हो सके।
0 कार, दो पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग का इंतजाम।
0 सभी नगर निगम इलाकों में नालंदा परिसर की तरह सार्वजनिक स्टडी सेंटर शुरू किया जाएगा। पुस्तकालय में सीट की संख्या बढ़ाई जाएगी।