0 रायपुर में 2000 करोड़ के बिजनेस की संभावना
0 सराफा-ऑटोमोबाइल में सबसे ज्यादा रौनक
0 बाजारों में खरीदारी के लिए देर रात तक जुटी रही भीड़
रायपुर/दुर्ग-भिलाई/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कारोबारियों के अनुसार धनतेरस पर 12 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान है। वहीं रायपुर के बाजारों में करीब 2000 करोड़ रुपए का कारोबार हो सकता है। सराफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में ज्यादा खरीदारी हुई।
इस बार धनतेरस दो दिन का है, इसलिए दूसरे दिन शनिवार को भी जमकर खरीदारी हो सकती है। इससे कुल कारोबार का आंकड़ा और बढ़ सकता है। त्योहार को देखते हुए दुकानों और शोरूम में खास तैयारियां की गई हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियों और दुकानों ने छूट, गिफ्ट और फाइनेंस की सुविधाएं भी दी हैं।
सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सदर बाजार, गोलबाजार, मालवीय रोड, जवाहर बाजार, पंडरी और एमजी रोड जैसे प्रमुख कारोबारी इलाकों में देर रात तक रौनक देखने को मिली।
सराफा बाजार में हल्के गहनों और सिक्कों की मांग
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते सराफा बाजार में सबसे ज्यादा उम्मीद है। इस बार सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों का रुझान बना हुआ है। हालांकि, बजट को ध्यान में रखते हुए लोग भारी गहनों के बजाय हल्के वजन की ज्वेलरी, सिक्के और छोटे आभूषण पसंद कर रहे हैं। पुराने गहनों को एक्सचेंज कर नए आभूषण खरीदने का विकल्प भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण और सिक्कों की बिक्री करीब 66 हजार करोड़ रुपए रहने का अनुमान जताया है। यह पिछले साल के मुकाबले लगभग 10% ज्यादा है।
कार-बाइक की डिलीवरी के लिए शोरूम में तैयारी
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस को लेकर उत्साह है। कार और दोपहिया वाहनों की पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने पहुंचे। ऑटोमोबाइल शो रूम में देर रात तक खरीदारों की भीड़ जुटी रही। शोरूम में वाहनों की सजावट से लेकर डिलीवरी की व्यवस्था तक की गई। कंपनियां एक्सचेंज बोनस, कैश डिस्काउंट और आसान फाइनेंस जैसी योजनाएं दे रही हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों में दिलचस्पी है।
मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स में ऑफर का आकर्षण
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य घरेलू उपकरणों की भी मांग रही। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। कंपनियों की ओर से बैंक डिस्काउंट, नो-कॉस्ट ईएमआई और एक्सचेंज ऑफर दिए जा रहे हैं। ग्राहक पुराने उपकरण बदलकर नए मॉडल खरीदने में भी रुचि दिखा रहे हैं। मोबाइल कारोबार के प्रमुख केंद्र रवि भवन और आसपास के बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
बर्तन, कपड़े और घरेलू सामान की भी खरीदारी
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए स्टील, पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों के साथ पूजा की थाली, दीपक और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी हुई। पंडरी कपड़ा बाजार और रेडीमेड दुकानों में भी दिवाली और शादी के सीजन को देखते हुए खरीदारी हुई है।