
0 दीवारों और छत पर पड़ी दरारें, मची चीख-पुकार
रायपुर। रायपुर में बुढ़ेश्वर मंदिर के पास एक मकान में भीषण आग लग गई। आग से घर के भीतर रखे 2 सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। मकान में आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
यह आग बशीर खान नाम के व्यक्ति के मकान में लगी। यह 2 मंजिला मकान है। नीचे दुकान है और ऊपर 2 कमरे हैं। घर के नीचे बशीर खान का पान ठेला है। आग लगने के दौरान वह पान ठेले पर था। उस वक्त घर में कोई नहीं था। 2 ब्लास्ट से घर की दीवारों पर दरारें पड़ गई है।
बशीर खान के मुताबिक आग लगी देख उसने बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। घबराकर वह जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे उतर आया। आसपास रहने वाले लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घर में कपड़े और लकड़ी का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैल गई। आग की तेज लपटें घर के बाहर खिड़की से आने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फौरन सड़क को खाली करवाया।
घर में रखे थे 2 सिलेंडर
मौके पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस के पेट्रोलिंग टीम को घर के भीतर 2 सिलेंडर रखे होने की सूचना मिली। सिलेंडर फटने की आशंका को देखते हुए आसपास से भीड़ को हटा लिया गया, जिससे कोई और बड़ी अनहोनी न हो पाए।
5 मिनट के भीतर 2 सिलेंडर फटे
आग बढ़ते ही घर के भीतर रखे 2 सिलेंडर एक के बाद एक 5 मिनट के भीतर फट गए। सिलेंडर ब्लास्ट होते ही आसपास के घरों के कांच टूट गए। धमाके से आसपास का इलाका गूंज उठा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने फौरन पानी की बौछारे मारना शुरू किया। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
घर की दीवारों पर दरारें, 50 फीट ऊंचा पेड़ जला
जिस घर में आग लगी है, वह काफी पुराना है। लगातार सिलेंडर फटने से घर की दीवारों पर दरारें पड़ गई हैं। इसके अलावा घर के अंदर की छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ब्लास्ट से घर के पीछे 50 फीट ऊंचा पेड़ भी आग की चपेट में आ गया। आग लगने से पेड़ भीषण रूप से जलने लगा। पेड़ पर लगी आग भी अब बुझ गई है।
