Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीड़ित की बहन का रिटायर्ड फौजी दोस्त निकला मास्टरमाइंड
0 3 अलग-अलग लेयर में थे आरोपी
रायपुर। रायपुर डकैती कांड में पीड़िता की सगी बहन का दोस्त रिटायर्ड फौजी इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड निकला है। बीएसएफ के रिटायर्ड फौजी ने सुपारी देकर इस पूरी डकैती को अंजाम दिया है। वारदात के लिए तीन अलग-अलग लेयर में आरोपी थे। पहले लेयर में मास्टरमाइंड और उसके करीबी दोस्त, दूसरे लेयर में उनके परिचित, तीसरे लेयर में नागपुर से आए हुए सहयोगी थे। 

डकैती के बाद पैसों को आपस में बांटा गया। फिर सभी फरार हो गए थे, लेकिन डकैतों की एक गलती ने सभी को फंसा दिया। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को पुलिस ने दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, रायपुर, बिलासपुर और महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से डकैती की 59.50 लाख रुपए जब्त कर लिए है।

बिना नंबर प्लेट की कार का नंबर वाली गाड़ी से पीछा किया
रायपुर के अनुपम नगर में वारदात के बाद डकैत विधानसभा रोड होते हुए मंदिर हसौद से नेशनल हाईवे में आ गए। फिर रायपुरा चौक होते हुए खारून नदी ब्रिज के रास्ते अमलेश्वर से मोतीपुर एरिया में पहुंच गए। आरोपियों ने गांव का रास्ता इसलिए चुना कि सीसीटीवी कैमरों से बच सके। डकैतों की कार में नंबर प्लेट नहीं था लेकिन जब वह मोतीपुर के आसपास पहुंचे तो वहां पर एक दूसरी आल्टो कार में इनका सहयोगी इंतजार कर रहा था।इन्होंने वहां पर पैसे को आपस में बांट लिया फिर डकैती करने घुसी एक महिला आल्टो कार में सवार हो गई। इसके बाद वह दोनों कार आगे बढ़ाते हुए फिर से मेन रोड में आए। डकैतों की कार के पीछे आल्टो कार पायलेटिंग करते हुए चलने लगी। इस गाड़ी का नंबर सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस को यहीं से सुराग मिला। फिर आल्टो मालिक को पकड़ा गया। फिर एक-एक करके एक दूसरे के बारे में वह उगलते गए।

3 अलग-अलग लेयर में थे आरोपी
वारदात का मास्टरमाइंड सोम शेखर रिटायर्ड फौजी है और वर्तमान में पीड़िता के घर के करीब ही रहता है। उसकी पीड़िता की एक बहन के साथ गहरी दोस्ती थी। उसकी बहन ने रिटायर्ड फौजी सोम शेखर से घर में रखे हुए पैसों का जिक्र किया था। इसके बाद शेखर ने डकैती की प्लानिंग करनी शुरू कर दी थी। उसने सबसे पहले अपने दोस्त देवलाल वर्मा और कमलेश वर्मा को यह बात बताई। यह दोनों जमीन दलाली का भी काम करते हैं। दोनों डकैती के कुछ दिन पहले पीड़िता के घर जाकर रेकी भी की थी। यह पहली लेयर के आरोपी थे। दूसरी लेयर के आरोपियों में पुरुषोत्तम देवांगन था। देवलाल और कमलेश ने और व्यक्तियों की जरूरत होने पर पुरुषोत्तम से संपर्क किया था। पुरुषोत्तम ने राहुल त्रिपाठी और उसकी पत्नी नेहा त्रिपाठी को अपने साथ शामिल कर लिया। इनके साथ अजय ठाकुर भी जुड़ गया। तीसरी लेयर में नागपुर से शाहिद पठान और पिंटू सारावान जुड़े। इनके साथ बिलासपुर का मनुराज मौर्य भी जुड़ा।

5 घर के भीतर और 5 बाहर से बनाए हुए थे नजर
डकैती के लिए भीतर नागपुर से आए हुए शाहिद और पिंटू घुसे थे। उनके साथ नेहा त्रिपाठी, मनुराज और अजय थे। बाकी अन्य सभी आरोपी बाहर से अलग-अलग रोल में वारदात में नजर बनाए रखे थे। इन्होंने डकैती के एक-दो दिन पहले दोपहिया वाहन में घर की रेकी भी की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से 70 लाख का माल जब्त किया है। जिसमें दो कार और गहने भी हैं।

पीड़िता की सगी बहन की मिलीभगत साफ नहीं
इस पूरे मामले में रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा ने कहा कि इस मामले में पीड़िता की एक बहन ने रिटायर्ड फौजी के साथ मिलकर योजना बनाई थी। जमीन बेचने के बाद जो रुपए घर पर रखे हुए थे। उसे पीड़ित परिवार लगातार खर्च कर रहे थे। जिससे उस बहन को चिंता थी कि इसी तरह सारे पैसे खत्म हो जाएंगे। वह एक NGO के माध्यम से सोम शेखर से मिली थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। उसने शेखर को पैसों की पूरी जानकारी दी थी।

आईजी ने इनाम की घोषणा की
इस मामले में एंटी क्राइम यूनिट के एएसपी संदीप मित्तल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर परेश पांडेय, SI सतीश पुरिया समेत 50 से ज्यादा लोगों की टीम काम कर रही थी। इस टीम ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करके केस सॉल्व कर दिया है। इस मामले में रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा ने टीम को 30 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। 

पकड़े गए 10 आरोपियों के नाम
0 ए. सोम शेखर, उम्र 56 साल, निवासी, रायपुर
0 अजय ठाकुर, उम्र 38 साल, निवासी जिला दुर्ग
0 राहुल त्रिपाठी, उम्र 43 साल, निवासी जिला राजनांदगांव, मूल रूप से जिला गोरखपुर (उ.प्र.)
0 नेहा त्रिपाठी (राहुल त्रिपाठी की पत्नी), उम्र 41 साल, निवासी जिला राजनांदगांव, मूल रूप से जिला गोरखपुर (उ.प्र.)
0 देवलाल वर्मा, उम्र 45 साल, निवासी रायपुर
0 पुरूषोत्तम देवांगन, उम्र 33 साल, निवासी जिला बलौदाबाजार
0 शाहिद पठान, उम्र 36 साल, निवासी महाराष्ट्र
0 पिंटू सारवान, उम्र 23 साल, जिला बेमेतरा, वर्तमान पता महाराष्ट्र
0 मनुराज मौर्य, उम्र 31 साल, निवासी जिला बिलासपुर
0 कमलेश वर्मा, उम्र 31 साल, निवासी रायपुर


 

tranding