
0 शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी समेत भाजपा व एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम शामिल हुए
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। रेखा गुप्ता ने गुरुवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ली। रेखा शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक हैं।
ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दिल्ली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा व एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम भी शामिल हुए।
वे दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला सीएम बन गई हैं। रेखा से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रहीं। इस समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। आप नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ में नहीं पहुंचे।
प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली
रेखा के अलावा 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है।
मैं शीशमहल में नहीं रहूंगीः सीएम रेखा गुप्ता
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पीएम मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संभाला कार्यभार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण लेने के बाद अपराह्न दिल्ली सचिवालय में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। वह शाम को मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगी। श्रीमती गुप्ता आज अपराह्न तीन बजे औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के लिए दिल्ली सचिवालय पहुंची। इसके बाद में उनका शाम पांच बजे यमुना बाज़ार स्थित वासुदेव घाट में कार्यक्रम है। नये मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज ही शाम सात बजे दिल्ली सचिवालय में बुलायी गयी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 27 साल के बाद भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आयी है। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने श्रीमती गुप्ता और उनके सहयोगी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्रीमती गुप्ता शालीमार बाग से भाजपा की विधायक चुनी गयी हैं। रेखा गुप्ता मंत्रिमंडल में सात मंत्रियों सर्वश्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को शामिल किया गया है।
