
0 कांग्रेस विधायक मंडावी ने पूछा-राजेश भैया मंत्री कब बन रहे हो
0 कांग्रेस विधायक ने ही कहा-2047 तक
रायपुर। विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान हास-परिहास के कई वाकए हुए। शुरुआत नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने महतारी वंदन योजना पर महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से अपने प्रश्न में कहा कि मैं प्रश्न कर परेशान नहीं करूंगा। उमेश पटेल काफी कर चुके हैं। डॉ. महंत ने मृत हितग्राही महिलाओं की सूचना मिलने और उसके बाद कितने दिन महीनों तक राशि जारी होने और कब उसके रुकने की जानकारी मांगी।
इस पर भाजपा सदस्य राजेश मूणत ने महंत से कहा कि नेताजी आप लोग भी सरकार में थे। आप लोग ही ठीक से देते तो प्रश्न की जरूरत नहीं पड़ती। इस पर कांग्रेस सदस्य विक्रम मंडावी ने चुटकी लेते हुए पूछा कि राजेश भैया आप कब मंत्री बन रहे हो। इसका जवाब भी कांग्रेस के ही विधायक ने दिया-2047 तक। यह सुनकर सदन में हंसी गूंज उठी।
इससे पहले भाजपा के अजय चंद्राकर ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और विभाग के कामकाज के तरीके पर चुटकी ली। दरअसल सदन में आज धान खरीदी, अमानक बारदाना, धान तस्करी जब्ती पर कई प्रश्न किए गए। इस पर मंत्री श्री बघेल हर प्रश्न के जवाब में विधायकों से एक ही बात कहते रहे कि लिखित में दे दें, दिखवा लूंगा, परीक्षण करा लूंगा, जानकारी दे दूंगा। इस पर भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने कहा कि खाद्य मंत्री और उनके विभाग का यह सिस्टम अच्छा है कि जो शिकायत है, लिखकर दे दो, जांच करा लूंगा, दिखवा दूंगा। फिर क्या कैसे होता है, वो देख लेंगे। इस पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सही है, इससे ज्यादा पारदर्शी सिस्टम नहीं हो सकता। यह सुनकर पूरे सदन में हंसी गूंज उठी।