
0 पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और पंचायत मंत्री के बीच हुई तीखी बहस
रायपुर। विधानसभा बजट सत्र में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना का मुद्दा गूंजा। इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत मंत्री विजय शर्मा के बीच तीखी बहस हुई। जवाब नहीं मिलने से असंतुष्ट विपक्ष ने हंगामा करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम ग्रामीण आवास को लेकर वर्षवार जानकारी मांगी। इस पर पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि वर्ष 2016 से 2025 तक जनवरी से दिसम्बर तक जानकारी चाही गई है। वित्तीय वर्ष के आधार पर जानकारी दी गई है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आंकड़े में कहा गया है कि 18 लाख आवास दिए गए, लेकिन पिछली सरकार के कामों को छिपाया गया है। सदन के सदस्य को दी गई जानकारी कुछ और है।
इस पर पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आंकड़ों के हिसाब से मोदी जी की तीसरे कार्यकाल में 32 लाख आवास दिए, उसमें 16 राज्यों को पीएम आवास देने की जरूरत नहीं पड़ी। भूपेश जी अपने सरकार के दौरान काम की बात कर रहे हैं. लेकिन कितना काम किया गया यह भी बताना चाहिए था। केंद्र सरकार ने 8 लाख आवास दिए हैं। मंत्री ने कहा कि वर्षवार और वित्तीय वर्ष के आंकड़े है, इसलिए अंतर दिख रहा है।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूछा कि सरकार ने जानकारी दी है कि 11 लाख आवास बन चुके हैं। अब 18 लाख आवास और बनेंगे या सात लाख मकान बनेंगे? इस पर पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 11 लाख बने हुए आवास से अलग 18 लाख का आंकड़ा है। इस पर पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि आप उत्तर नहीं दे रहे हैं, प्रवचन कर रहे हैं। इस पर मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उत्तर, उत्तर के हिसाब से होगा आपके हिसाब से नहीं होगा। इसके बाद विधायकों ने आवास के मुद्दे पर हंगामा कर दिया। सदन में काफी देर तक शोर होता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने आरोप लगाया कि पीएम आवास में सरकार गड़बड़ी कर रही है। पंचायत मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रश्नकाल समाप्ति की घोषणा कर दी।