
0 आखिरी दौर की बातचीत के बाद लिस्ट होगी जारी
रायपुर। चिरप्रतीक्षित प्रदेश कैबिनेट का विस्तार तय हो गया है। छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों का ऐलान अब कभी-भी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट में शामिल होने वाले दो नए मंत्रियों के नाम लगभग तय कर लिए गए हैं, सिर्फ घोषणा होना बाकी है। इससे पहले चुनावों और निगम-मंडल लिस्ट की वजह से ये ऐलान टलता रहा है।
भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश सोमवार रात तक रायपुर पहुंच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन 8 अप्रैल को रायपुर पहुंच सकते हैं। ये दोनों ही नेता संगठन की बैठक लेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद मंत्री के नामों का ऐलान हो सकता है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से कहा गया है कि दोनों ही नेता भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की वजह से रायपुर आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि संगठन और सरकार के बीच एक आखिरी दौर की बातचीत होगी। इसके बाद नामों की घोषणा हो जाएगी। इसी माह नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण राजभवन में करवाए जाने की चर्चा है।
दो नए मंत्री शामिल होंगे
साय कैबिनेट का जब गठन हुआ तो मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री थे हैं। प्रदेश में 13 मंत्रियों को कैबिनेट में रखे जाने का कोटा है। इस हिसाब से पहले से ही एक मंत्री पद खाली था। लोकसभा चुनाव के समय बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दिया, तो प्रदेश कैबिनेट में 11 मंत्री रह गए। इस तरह अब कुल 2 मंत्रियों की जगह प्रदेश कैबिनेट में इस वक्त खाली है। सूत्रों के मुताबिक नए कैबिनेट में शामिल होने वाले नए मंत्रियों की रेस में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर व विधायक देवेंद्र यादव के नाम आगे चल रहे हैं। साय कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री सरगुजा संभाग से हैं। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग से मात्र एक-एक मंत्री हैं, इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि इन तीनों संभाग का मंत्रिमंडल में प्रतिनिधत्व बढ़ सकता है।