
0 राष्ट्रपति-पीएम ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
रायपुर। रायपुर में रविवार देर रात मिनी ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं। ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी के कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
मृतकों में 10 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। इनमें एक ही परिवार की 3 महिलाओं का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जबकि एक बच्चे को दफनाया गया है। इनमें गीता साहू, प्रभा साहू और नंदनी साहू का अंंतिम संस्कार किया गया। एकलव्य साहू (6) को दफनाया गया है।
हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
वहीं राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स लिखा कि सड़क हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित कई लोगों की मौत का समाचार दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
मरने वालों में 3 बच्चे, 10 महिलाएं
एकलव्य साहू (6), कुमारी भूमि साहू, उमंग साहू (4 माह), गीता साहू, प्रभा साहू, नंदनी साहू, टिकेश्वरी साहू, कृति साहू, कुंती साहू, महिमा साहू (18), वर्षा साहू (27) व राजबती साहू (60) शामिल हैं।
ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा और हादसा हो गया
ट्रेलर झारखंड पासिंग है। टोल नाके से बचने के चक्कर में ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा और हादसा हो गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि कई महिलाओं और बच्चों के शरीर के टुकड़े हो गए। मिनी ट्रक में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान ट्रेलर के साइड से करीब 3 फीट बाहर निकले लोहे (हैवी मशीन का हिस्सा) से टक्कर हो गई। बच्चों सहित 14 घायलों का इलाज मेकाहारा में जारी है, सभी खतरे से बाहर हैं।
छठी से लौट रहा था साहू परिवार
रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक, चटोद गांव निवासी पुनीत राम साहू का परिवार और रिश्तेदार बाना गांव में छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। यह सभी मिनी ट्रक में सवार थे। इस दौरान बंगोनी गांव के पास पहुंचे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रेलर के ऊपर लोड मशीनरी पार्ट के साइड से निकले लोहे से गाड़ी टकरा गईं। हादसे के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे आ रही दूसरी ट्रक में जा भिड़ी।
