Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 2 घंटे प्रदेश के सभी प्रमुख मार्ग रहे बंद
0 देश में पहली बार अडानी की आर्थिक लूट के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन
0 पीसीसी दीपक बैज बस्तर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत बिलासपुर-जांजगीर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव अंबिकापुर में शामिल हुए
रायपुर। कांग्रेस ने केंद्र सरकार, ईडी की कार्रवाई व छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा की लूट के खिलाफ मंगलवार को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी किया। इसके तहत प्रदेश के प्रमुख शहरों में 2 घंटे तक मुख्य मार्गों पर चक्काजाम किया गया। इसके चलते लगभग सभी प्रमुख शहरों में गाड़ियों की कतार लग गई। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तेलीबांधा में और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत बिलासपुर के हिर्री माइंस के पास चक्काजाम आंदोलन में शामिल हुए। इसके अलावा पीसीसी दीपक बैज बस्तर व पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव अंबिकापुर में शामिल हुए। 

पूर्व सीएम श्री बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस में विरोध प्रदर्शन चल रहा है। दोपहर करीब 12 बजे से प्रदेशभर में चक्काजाम का ऐलान किया गया था। रायपुर जिले में तेलीबांधा, धरसींवा, खरोरा सहित अन्य जगहों पर चक्काजाम किया गया। तेलीबांधा चौक पर सुबह 10 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा समेत अन्य नेताओं ने धरना दिया। यह चक्काजाम दोपहर 2 बजे समाप्त हुआ, लेकिन शहर में शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। 
चक्काजाम के दौरान पूर्व सीएम श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी सफल रही है। भाजपा की सरकार अडानी की गोद में बैठ गई है। अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के नागरिकों को जख्मी कर रही है। विरोध करने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी, एसीबी, ईओडब्ल्यू और स्थानीय पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है। लोकतंत्र में मिले आंदोलन के अधिकार को खत्म कर रही है। तानाशाही स्थापित कर रही है लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरेंगे नहीं प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और संसाधनों को बचाने के लिए डटकर मुकाबला करेंगे, आर्थिक नाकेबंदी प्रदेश की खनिज संपदा को बचाने की मुहिम है, हमारा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना चाहते हैं। बस्तर में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए। षडयंत्र के तहत जल-जंगल जमीन को लूटा जा रहा है। श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही सरगुजा में पेड़ों की अवैध कटाई हो गई। हसदेव में जंगल कट गए। तमनार में जंगल कट गए। किसी के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई। ये छत्तीसगढ़ की संपदा और जल-जंगल जमीन को बचाने की लड़ाई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार के संरक्षण में अडानी राज्य की संपदा को लूट रहा, हसदेव से लेकर तमनार तक पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है। अडानी की कोयला खदानों के लिए राज्य के जंगल उजाड़े जा रहे। बस्तर की प्रमुख खनिज संपदा आयरनओर को भी अडानी को देने की तैयारी की जा रही। अडानी के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ ईडी की कार्यवाही की जा रही है। अडानी के द्वारा तमनार पेड़ कटाई का विरोध करने के कारण भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी ईडी ने कर लिया। देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक औद्योगिक घराने की लूट के खिलाफ किसी प्रदेश की जनता सड़कों पर उतर कर आर्थिक नाकेबंदी की हो, समूचा विपक्ष औघोगिक घराने की लूट के खिलाफ लामबंद है।

औद्योगिक घराने की लूट से छत्तीसगढ़ को आर्थिक नुकसान हो रहा हैः बैज
वहीं बस्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश की जंगलों की कटाई की अनुमति देकर वन संपदा, खनिज संपदा की लूट की छूट अडानी को दी है। भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रही जंगलों की कटाई और खनिज संपदा की लूट को रोकने के लिए पूरा प्रदेश एकजुट है। प्रदेश की खनिज संपदा को अडानी जैसे पूंजीपति ट्रकों में भरकर प्रदेश से बाहर ले जा रहे हैं इससे छत्तीसगढ़ को जो आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही यहां के पर्यावरण भी नष्ट हो रही है, आदिवासी वर्ग एवं आम जनता हसदेव एवं तमनार के हरे भरे जंगलों की कटाई के विरोध में लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता भी जंगलों को बचाने की मुहिम में लगे हुए हैं, लेकिन भाजपा की सरकार पुलिस तंत्रों का दुरुपयोग करके जंगल कटाई का विरोध कर रहे लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है, उन पर लाठियां चल रही है, उनका लहू बहा रही है। अडानी का विरोध करने विधानसभा में मामला न उठाये इसलिए भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी किया गया।

तानाशाही भाजपा सरकार को मुंह तोड़ जवाब दियाः डॉ. महंत
बिलासपुर के हिर्री माइंस के पास किए गए चक्काजाम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आर्थिक नाकाबंदी कर भाजपा सरकार के संरक्षण में अडानी के द्वारा जो यहां की खनिज संपदा को लूटा जा रहा है उसका विरोध है। आम जनता ने जंगल कटाई के विरोध में आयोजित इस आर्थिक नाकेबंदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तानाशाही भाजपा सरकार को मुंह तोड़ जवाब दिया।

विरोध करने पर केंद्र सरकार ईडी से कार्रवाई करवाती हैः सिंहदेव
अंबिकापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अडानी के जल, जंगल, जमीन की लूट की सहभागी बनी हुई सरकार के संरक्षण में अडानी प्रदेश के जंगलों को कटवा रहा है, उसका विरोध करने पर केंद्र सरकार ईडी की कार्यवाही करवाती है। कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता से इस कार्यवाही का विरोध करती है।

इन नेताओं ने चक्काजाम में हिस्सा लिया
आज के आंदोलन की अगुवाई बस्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बिलासपुर- जांजगीर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पंजाब पीसीसी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार, अंबिकापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पुलगांव दुर्ग में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, धमतरी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, गिरीश देवांगन, कोण्डागांव में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, आरंग में पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, बस्तर में लखेश्वर बघेल, सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने गृह क्षेत्रों में चक्का जाम में शामिल हुए।

tranding
tranding
tranding