Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 राज्यपाल रमेन डेका ने राजभवन में आयोजित समारोह में दिलाई शपथ

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को यहां राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित समारोह में गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल, एवं गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले तीनों मंत्री पहली बार विधायक चुनकर आए हैं। 

शपथ ग्रहण समारोह सुबह साढ़े 10 बजे राजभवन में हुआ। शपथ ग्रहण समारोह करीब 10 मिनट तक चला। तीनों मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। इसी के साथ अब साय मंत्रिमंडल में कुल 14 मंत्री हो गए हैं। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रीपरिषद के सदस्यगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना भी उपस्थित थे।

प्रदेश कैबिनेट में 8 मंत्री पहली बार के विधायक हैं
प्रदेश कैबिनेट में अब दोनों डिप्टी सीएम समेत 8 मंत्री पहली बार विधायक चुनकर आए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश कैबिनेट के 14 में से 7 सदस्य अरुण साव, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े और गजेंद्र यादव अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं। वहीं कैबिनेट के 3 सदस्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रामविचार नेताम और केदार कश्यप अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं, जबकि 2 सदस्य दयालदास बघेल और गुरु खुशवंत साहेब अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। वहीं 2 सदस्य उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व राजेश अग्रवाल सामान्य वर्ग से हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एकमात्र महिला सदस्य है।

सुशासन का सुनहरा अभ्यास रचेंगेः सीएम साय
सीएम साय ने तीनों मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरा विश्वास है कि सभी मंत्री पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा कर विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय रचेंगे। 

जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करेंगेः यादव
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद गजेंद्र यादव ने पार्टी नेताओं का आभार जताया। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी नेताओं ने उन पर भरोसा किया। वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। 

विकसित छत्तीसगढ़ बनाने मिलकर काम करेंगेः खुशवंत साहेब
मंत्री पद की शपथ के बाद गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पार्टी और सीएम विष्णु देव साय ने उन पर भरोसा किया है। इसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिल सके, इसके लिए वे प्रयास करेंगे। केंद्र सरकार ने 2047 विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया और उसी के अनुरूप सीएम विष्णु देव साय भी विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए वे कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। 

बड़ी जिम्मेदारी दी है, उम्मीदों पर खरा उतरेंगेः अग्रवाल
शपथ लेने के बाद राजेश अग्रवाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करेंगे। 

tranding
tranding