0 संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की राज्य पुरस्कार की घोषणा
0 बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर अनुराग बसु, राइटर सुनील सोनी समेत 41 नाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अवसर पर बुधवार को संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में राज्य अलंकरण पुरस्कार की घोषणा की। इस बार 41 विभूतियों व संस्थाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। इन सभी विभूतियों को नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन राज्य अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 41 व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया। इनमें बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर अनुराग बसु, छत्तीसगढ़ी फिल्म राइटर, डायरेक्टर समेत अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली हस्तियां शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण पुरस्कारों की लिस्ट सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया है। इस बार सम्मान पाने वालों में शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, खेल, कृषि, सहकारिता और साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले लोग शामिल हैं।
अलग-अलग क्षेत्रों में इन्हें मिलेगा सम्मान
इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान हिरेश सिन्हा को आदिवासी चेतना के लिए प्रदान किया जाएगा, जबकि यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के लिए दिया जाएगा। खेल के क्षेत्र में, गुंडाधूर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव को मिला है. महिला एवं बाल विकास में महत्वपूर्ण कार्य के लिए, मिनीमाता सम्मान ललेश्वरी साहू को दिया जाएगा। गुरु घासीदास सम्मान भुवनदास जांगड़े और शशि गायकवाड़ को दिया जाएगा। ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, डोम को सहकारिता के लिए प्रदान किया जाएगा।
हबीब तनवीर सम्मान डॉ. कुंज बिहारी शर्मा को समकालीन रंगकर्म के लिए, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान चांदनी साहू को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन (तीरंदाजी) के लिए और पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान चित्तरंजन कर को हिंदी साहित्य, चक्रधर सम्मान पं. कीर्ति माघव लाल व्यास को शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए, दाऊ मंदराजी सम्मान रिखी क्षत्रिय को लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए, डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार थनेन्द्र कुमार साहू और वामन कुमार टिकरिहा को कृषि के लिए दिया जाएगा। वहीं महाराजा अग्रसेन सम्मान राजेंद्र अग्रवाल को सामाजिक समरसता के लिए दिया जाएगा।
पत्रकारिता (प्रिंट मीडिया हिंदी) में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार डॉ. संदीप कुमार तिवारी को दिया जाएगा. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिन्दी) के लिए यह पुरस्कार डॉ. सोमेश कुमार पटेल और प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए अभिषेक शुक्ला को मिलेगा।
मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार भावना पांडेय को प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए दिया जाएगा. दानवीर भामाशाह सम्मान नीरज कुमार बाजपेयी को दानशीलता, सौहार्द और अनुकरणीय सहायता के लिए, धन्वंतरि सम्मान अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा और शोध एवं अनुसंधान के लिए, श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार सुखदेव दास को मछली पालन के लिए, डॉ. भंवरसिंह पोर्ट आदिवासी सेवा सम्मान जंगो रायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था को आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के लिए, रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार मिथलेश कुमार आदिल एवं अग्रसर टीम जिला दुर्ग और एनटीपीसी लिमि. लारा, सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, पुसौर को श्रम के लिए, पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान योगेश कुमार साहू को अपराध अनुसंधान के लिए, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान मनीष तिवारी को देश के बाहर अप्रवासी भारतीय द्वारा सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधान, निकाय और आर्थिक के लिए, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रोहित कुमार कोसरिया को पंथी नृत्य के लिए दिया जाएगा।
किशोरी मोहन त्रिपाठी पुरस्कार सुनील सोनी को, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान राकेश तिवारी को, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा को और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण अनुराग बसु को हिंदी/छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए प्रदान किया जाएगा।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान खेम चंद, डॉ. सुरेश मणि त्रिपाठी, डॉ. भूपेंद्र करवन्दे, भरतलाल सोनी को दिया जाएगा। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रेमशीला बघेल को महिलाओं की वीरता, शौर्य, साहस और आत्मबल को सशक्त के लिए, माता बहादुर कलारिन सम्मान शिल्पा पांडेय सृष्टि को महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान के लिए, पं माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मक सम्मान अवधेश कुमार को रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के लिए और संस्कृति भाषा डॉ. दादू भाई त्रिपाठी को संस्कृत भाषा के लिए दिया जाएगा।
गौरक्षा के लिए भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को मिला सम्मान
सूची के अनुसार, ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति सम्मान’ आदिवासी सामाजिक चेतना और उत्कृष्ट योगदान के लिए हिरेश सिन्हा का नाम घोषित किया गया है। वहीं अहिंसा और गौरक्षा के लिए यति यतनलाल सम्मान जांजगीर-चांपा की संस्था भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को मिला है।
हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन में उत्कृष्ट काम करने के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान से डायरेक्टर अनुराग बसु को मिला है। चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार संदीप तिवारी, सोमेश पटेल और अभिषेक शुक्ला को मिला है।
अवॉर्ड पाने वाले 14 उत्कृष्ट व्यक्ति रायपुर के
सामान्य प्रशासन विभाग की लिस्ट के अनुसार, इस बार राज्य अलंकरण समारोह में सम्मान पाने वालों की संख्या पहले से ज्यादा है, लेकिन अवॉर्ड की संख्या कम रखी गई है। राज्यभर में कुल 35 अवॉर्ड दिए गए हैं, जिनमें रायपुर के लोगों की संख्या 14 यानी सबसे ज्यादा है।


