0 अनुसूचित जाति वर्ग में चंचल पैकरा ने किया टॉप
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल नतीजे 20 नवंबर की देर रात जारी कर दिए। टॉप 10 में लड़कों ने बाजी मारी है। वहीं लिस्ट में 2 लड़कियां भी शामिल हैं। पहले स्थान पर दुर्ग के देवेश प्रसाद साहू ने जगह बनाई है। सरगुजा जिले में सब्जी बेचने वाले की बेटी चंचल पैकरा ने अनुसूचित जनजाति वर्ग में टॉप किया है। वहीं सरगुजा के ही मयंक मंडावी ने एसटी कैटेगरी में दूसरा स्थान हासिल किया है। दोनों के रैंक के हिसाब से उन्हें डिप्टी कलेक्टर पद मिल सकता है।
243 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। इनमें डिप्टी कलेक्टर के 7, डीएसपी के 21 और आबकारी के 91 पद हैं। 20 नवंबर की रात रिजल्ट जारी होते ही सीजीपीएससी की वेबसाइट कुछ देर के लिए क्रैश हो गई थी। इंटरव्यू के लिए कुल 643 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिया था। जिसमें पहली बार फेसलेस इंटरव्यू लागू किया गया । कैंडिडेट मेरिट लिस्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर देख सकते हैं।
चंचल पैकरा का ओवर ऑल रैंक 204
चंचल पैकरा का ओवर आल रैंक 204 है। चंचल पैकरा बीई सिविल हैं। चंचल ने इसके पहले एक बार पीएससी प्री की परीक्षा दी थी। सफल नहीं होने पर कोचिंग की और प्री के बाद मेन्स निकाला। सीजीपीएससी 2024 के परिणाम में एसटी वर्ग में उन्होंने पहला स्थान हासिल किया है। उनके माता-पिता किसान है और सब्जी भी बेचते हैं। बताया जा रहा उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए जमीन भी बेच दी थी। एसटी वर्ग में दूसरे स्थान पर आने वाले मयंक वर्तमान में जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
टॉप 10 मेरिट सूची
टॉप 10 मेरिट सूची में 1. देवेश साहू, 2. स्वप्निल वर्मा, 3. यशवंत देवांगन, 4. पोलेश्वर साहू, 5. पारस शर्मा, 6. शताक्षी पांडेय, 7. अंकुश बनर्जी, 8. सृष्टि गुप्ता, 9. प्रशांत वर्मा व 10. सागर वर्मा शामिल हैं।