Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मेडिकल कॉलेज स्कैम मामले में यह कार्रवाई की गई 
0 सीबीआई ने 6 आरोपियों को किया था अरेस्ट

0 दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी रेड मारी गई

रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। मेडिकल कॉलेज स्कैम मामले में यह कार्रवाई की गई है। दिल्ली से ईडी की टीम रायपुर पहुंची हुई है। रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी के घर पूछताछ की जा रही है। वहीं मेडिकल कॉलेज में भी जांच जारी है।

दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी रेड मारी गई है। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की 30 जून को दर्ज की गई एफआईआर से जुड़ी है। इस केस में 3 डॉक्टर्स समेत 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।
एफआईआर में आरोप है कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के कुछ अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेकर मेडिकल कॉलेजों को इंस्पेक्शन से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करते थे। इस जानकारी की मदद से मेडिकल कॉलेजों के कुछ कर्मचारी और बिचौलिए पैरामीटर्स में हेरफेर करते थे। इसी के जरिए कॉलेज अकादमिक कोर्स की मंजूरी हासिल की गई।
सीबीआई के मुताबिक रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज (एसआरआईएमएसआर)  के पक्ष में रिपोर्ट बनाने एनएमसी की टीम को 55 लाख रुपए रिश्वत दी गई थी। ईडी की टीम रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी से पैसों के लेनदेन संबंधी पूछताछ कर रही है। इसकी भी जानकारी जुटा रही है कि कॉलेज में ऐसी कौन-कौन सी कमियां थी, जिसे सही दिखाने रिश्वत दी गई। डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी को सीबीआई ने अरेस्ट किया था, जो जमानत पर बाहर है। ईडी की तलाशी जिन स्थानों पर चल रही है, उनमें 10 राज्यों के 7 मेडिकल कॉलेज और एफआईआर में नामित कई व्यक्तियों के ठिकाने शामिल हैं।

5 महीने पहले सीबीआई​​​​​ ने की थी​​ देशभर में छापेमारी
सीबीआई ने 5 महीने पहले कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। सीबीआई के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न रणनीतियों का इस्तेमाल कर रहे थे।

3 डॉक्टरों समेत 6 की हुई थी गिरफ्तारी
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में 3 डॉक्टरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस स्कैम में छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का नाम भी जुड़ा। सीबीआई की जांच के अनुसार नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज (एसआरआईएमएसआर) के पक्ष में रिपोर्ट बनाने मामले में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की टीम ने हवाला के जरिए 55 लाख रुपए की रिश्वत ली है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. मंजप्पा सीएन, डॉ. चैत्रा एमएस, डॉ. अशोक शेलके, अतुल कुमार तिवारी, सथीशा ए और रविचंद्र के. शामिल हैं।

tranding