Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कांग्रेस के पोस्टर प्रदर्शन से नहीं हो सका प्रश्नकाल 
0  भूपेश बोले-केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा, चंद्राकर ने कहा-दावे निराधार

रायपुर। विधानसभा शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन सदन की कार्यवाही हंगामेदार रही। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर विपक्षी कांग्रेस सदस्य तख्ती-पोस्टर लगाकर सदन में पहुंचे। सदन शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने सत्यमेव जयते लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ने तख्तियों के साथ सदन में बैठने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विपक्षी सदस्य लगातार नारेबाजी करता रहे। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। 

प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस सदस्य वंदे मातरम् और सत्यमेव जयते के पोस्टर-तख्तियां लेकर और वंदे मातरम् का पोेस्टर लेकर सदन में पहुंचे। इस पर भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर और अन्य भाजपा सदस्यों ने आपत्ति की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने तुरंत सदस्यों को पोस्टर हटाकर आने के लिए कहा। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। वहीं मंत्री अजय चंद्राकर ने इन आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई और विपक्ष के दावों को निराधार बताया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने शोर शराबे और हंगामे के चलते सदन की कार्रवाई पहले पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने पोस्टर चिपकाए रखा। इस पर विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण होता है और सदन की कार्यवाही के दौरान झंडा-बैनर लेकर प्रदर्शन उचित नहीं है। इसके बाद भी विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी जारी रखा। इस बाद विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कार्यवाही स्थगित करने से पहले विपक्षी सदस्यों से आग्रह किया कि वे शरीर से पोस्टर हटाकर ही सदन में प्रवेश करें। इसके बावजूद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस सदस्यों ने पोस्टर लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने दोपहर 12 तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। इस हंगामे की वजह से शीत सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल नहीं हो सका। 

विस अध्यक्ष ने विपक्ष के अमर्यादित व्यवहार पर जताई नाराजगी
प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विपक्षी सदस्यों के अनुचित व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि लोकहित से जुड़े विषयों पर सदन की कार्यवाही को बाधित करना निंदनीय है। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि विपक्षी सदस्य सदन की कार्यवाही और संसदीय परंपराओं के जानकार हैं। इसके बावजूद उनका यह आचरण अमर्यादित है। उन्होंने कहा कि आगे ऐसा व्यवहार न दोहराया जाए, यह अब विपक्षी सदस्यों के विवेक पर छोड़ते हैं।