Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रशासन के फेल होने के आरोपों को नकारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन ध्यानाकर्षण में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरम लाल कौशिक ने नशीले पदार्थो की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन को असफल बताया। इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रशासन के फेल होने के आरोपों को नकार दिया। 

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि रायपुर समेत पूरे प्रदेश में नशे से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के आरक्षक ही नशा की बिक्री कर रहा है। इसके कारण अपराध भी बढ़ रहा है, नशे की आगोश में है। इसे रोकने में प्रशासन विफल रहा है। इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह आरोप सही नही है कि प्रशासन फेल है। विभाग संकल्पित है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। जो भी बदमाश या अपराधी ऐसी कृत्य कर रहे हैं, उनपर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। टिकरापारा में आरक्षक पर कार्रवाई हुई, अभी प्रक्रियाधीन है। 

इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि जब विपक्ष में था, तब भी सवाल उठाता था। आज स्थिति उससे भी भयावह है। इस पर मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह विषय बहुत गंभीर है, सभी पर कार्रवाई होंगी। स्ट्रैटजी बदली गई है, अब एंड टू एंड कार्रवाई हो रही है। 

इस बीच विधायक सुशांत शुक्ला ने अवैध शराब को लेकर जानकारी मांगी। इस पर मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कई मामलों पर पुलिस सीधे कार्रवाई नहीं कर सकती है। पूरी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी है। बैठक की जा रही है, मेडिकल दुकानों को भी हिदायत दी गई है। इसके बाद उस पर भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्री शर्मा ने कहा कि 24 घंटे आपके साथ खड़ा हूं, जानकारी पर कार्रवाई होगी। इस पर विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि   क्षेत्र में स्कूलों के पास नशे का व्यापार चल रहा है। इस बीच अटल श्रीवास्तव ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि नशे के आदी आरोपी के परिजन की संपति राजसात हो रही है। 

शराब पर बात निकली तो दूर तलक जाएगी
इस पर मंत्री ने कहा कि शराब पर बात निकलेगी तो दूर तक जाएगी। गृह मंत्री विजय शर्मा की इस बात पर ही भूपेश बघेल ने तीखे तेवर में कहा कि सत्र चल रहा है, कितनी भी लंबी बात हो, कितनी भी दूर जाएगी, तो जाने दीजिए और चर्चा कराइए। इस पर मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नशे व्यापार करने वाला आरोपी और नशे का आदी व्यक्ति बेचारा होता है। राजेश मूणत ने कहा कि राजधानी में सूखा नशा बिक रहा है, उसको पकड़वाने वाले के लिए इनाम की घोषणा करें। 

अजय बोले- छत्तीसगढ़ के युवा नशे की चपेट में
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मैक्सिको में ड्रग तस्कर एलमैंचो के एनकाउंटर के बाद वहां के 12 जिलों में हिंसा भड़क गई है। छत्तीसगढ़ के युवा नशा की चपेट में हैं। रायपुर में हर जगह आसानी से नशीले पदार्थ उपलब्ध है। पुलिस आरक्षक भी इस मामले में पकड़ा गया है। इसे रोकने में प्रशासन विफल रहा है। कुछ दिनों पहले रायपुर में गांजे की पैकेजिंग करने वालों को पुलिस ने पकड़ा था और उनके पास ऐसे हाईटेक कैमरे थे, जिससे उन्हें पहले ही पता चल जाता था कि पुलिस आने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशीली पदार्थों जैसे चरस, गांजा, ब्राउन शुगर, हेरोइन, अफीम, डोडा, नशीली गोलियां की तस्करी पर लगाम लगाना अब असंभव सा हो गया है, अवैध तस्करी की घटनाऐं बढ़ती ही जा रही हैं।

तस्करों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गईः चंद्राकर
भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने आगे कहा कि प्रदेश में बीते 4 माह में ही कई तस्करी की घटना घटित हुई हैं। 31 जनवरी, 2025 को राजधानी रायपुर व दुर्ग-भिलाई अंतर्गत ही कई पान की दुकाने सूखे नशे से संबंधित गोगो स्मोकिंग कोन, रोलिंग पेपर और परफेक्ट रोल की बिक्री का मामला सामने आया था। इसके साथ-साथ प्री रोल्ड कोन्स, मंकी किंग, ग्लास बॉन्ग, क्रशर फिल्टर टिप्स फ्लेवर हुक्का कोल, आदि ऑनलाइन बेची जा रही है। बिलासपुर शहर के हर चौक-चौराहे में गांजा, इंजेक्शन, कैप्सूल, सिरप इत्यादि आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के आरक्षक ही ऐसे नशील पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। 11 फरवरी, 2026 को टिकरापारा थाना अंतर्गत आरक्षक द्वारा खुले आम हेरोइन बेच रहा था। प्रशासन इन अवैध तस्करों को रोकने में असमर्थ रहा है। इसके साथ-साथ तस्करों पर कड़ी कार्रवाई तक नहीं की गई। 

प्रशासन के फेल होने के आरोप गलतः विजय शर्मा
इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मैक्सिको की बात आपने बताई। हमारे देश में ऐसी स्थिति नहीं है और ना कभी होगी। अवैध मामलों पर लगातार की जा रही है। प्रदेश में भर छापे की कार्रवाई भी हो रही है। पुलिस की ओर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जब्ती की कार्रवाई हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। यह आरोप सही नहीं है कि प्रशासन फेल है। गृह मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि टिकरापारा में आरोपी आरक्षक से हेरोईन एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में 1 अन्य आरोपी से 5.5 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) और 1 जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तारी करते हुए प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ा गया है।

2025 में 2342 आरोपियों को गिफ्तार किया गया
गृह मंत्री श्री शर्मा ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा राज्य में पहली बार एनडीपीएस एक्ट के तहत् दर्ज प्रकरणों में सिरे से विवेचना कर आरोपियों, उनके सहयोगी एवं सप्लायर के विरूद्ध वित्तीय जांच भी की जा रही है। पिट्स एनडीपीएस एक्ट को क्रियाशील कर आरोपियों के वित्तीय आधार को खत्म करने का काम किया जा रहा है। पहले अपराधी जेल से निकलकर नशे के कारोबार से कमाए काले धन को एन्जॉय करते थे, पर अब उस पर भी नकेल कसी जा रही है। वर्ष 2025 में 16 आरोपियों की 13 करोड़ 29 लाख 54 हजार 735 रूपए की सम्पत्ति जप्त फ्रीज कराई गई है। वर्ष 2024 से 31 जनवरी 2026 तक 145 आदतन आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि विगत चार माह में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के 399 प्रकरण दर्ज कर 679 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में 6791 किलोग्राम गांजा, 37 ग्राम ब्राउन शुगर, 484 ग्राम अफीम, 264.35 ग्राम हेरोईन, 16.56 ग्राम कोकीन, 23.84 ग्राम एमडीएमए, 512.880 किलोग्राम डोडा तथा 98,231 नग नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं। 
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को थाना टिकरापारा में एक आरक्षक से हेरोईन (चिट्टा) बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
 आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में कुल 1288 प्रकरणों में 2342 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16,999.7 किलोग्राम गांजा सहित विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए गए। वहीं वर्ष 2026 में 31 जनवरी तक 146 प्रकरणों में 257 आरोपियों की गिरफ्तारी कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। 
विजय शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने नशीले पदार्थों पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में टास्क फोर्स बनाई है। साथ ही 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ)  के लिए 100 नए पदों को मंजूरी दी गई है। साल 2025 में 16 आरोपियों की करीब 13.29 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है। वहीं, 2024 से 31 जनवरी 2026 तक 145 आदतन आरोपियों पर पिट्स -एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

'मानस' पोर्टल का उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में कराया परीक्षण 
उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की शिकायत हेतु 'मानस' टोल फ्री नंबर 1933 चालू किया गया है। जिसपर वरिष्ठ सदस्य अजय चंद्राकर ने उसके सतत कार्य करने को सुनिश्चित करने की ओर ध्यान आकृष्ट किया जिसपर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधायक   सुशांत शुक्ला को कॉल लगा कर जांच करने को कहा और श्री शुक्ला ने तुरन्त बाहर जाकर उसकी जांच कर टोल फ्री नम्बर के कार्यरत होने की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि शासन की ठोस और प्रभावी कार्रवाई से मादक पदार्थों के सप्लाई और डिमांड नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने अजय चंद्राकर एवं पूर्व मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया 
       उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधानसभा में सदस्य अजय चंद्राकर एवं धरमलाल कौशिक द्वारा लाये गए ध्यानाकर्षण पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस ध्यानाकर्षण से ना सिर्फ सदन को शासन की कार्रवाई की जानकारी मिलेगी अपितु अपराधियों को भी यह समझ में आ जायेगा कि सरकार नशे के व्यापार को समाप्त करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने पूरे जवाब को सुनने और समझने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।