0 रायपुर से 3 युवा वैभवी अग्रवाल, रौनक अग्रवाल व संजय डहरिया ने बाजी मारी
0 जनकपुर से दर्शना सिंह, धमतरी से डीएसपी डायमंड सिंह व भैरमगढ़ के अंकित संकनी सफल हुए
रायपुर/मनेंद्रगढ़/धमतरी/बीजापुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा 2025 के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। इसमें छत्तीसगढ़ के 6 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें रायपुर से 3 युवा रौनक अग्रवाल, संजय डहरिया और वैभवी अग्रवाल, एमसीबी जिले के जनकपुर से दर्शना सिंह, धमतरी से डीएसपी डायमंड सिंह व बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी अंकित संकनी शामिल हैं।
गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने 35वां रैंक हासिल किया है। ये उनका तीसरा प्रयास था। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जनकपुर की दर्शना सिंह बघेल ने दूसरे प्रयास में 383वीं रैंक हासिल किया है। वे आईपीएस बनेंगी। वैभवी और दर्शना दोनों इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं। वहीं धमतरी जिले के डीएसपी डायमंड सिंह ने 623 रैंक लाया है। बताया जा रहा है ये भी आईपीएस बन सकते हैं। डायमंड सिंह छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। वहीं रायपुर के मोवा निवासी रौनक अग्रवाल को 772वां रैंक मिला है। रौनक मूलतः रायगढ़ के रहने वाले हैं और यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इसी तरह बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी अंकित संकनी ने 816वीं रैंक प्राप्त किया। इसके बाद रायपुर के संजय डहरिया ने 946वां रैंक हासिल किया है।
अपनी सफलता पर वैभवी ने कहा कि जब पहली बार में प्री क्लीयर नहीं हुआ तो वे मुश्किल समय जरूर था, लेकिन अगली बार मेंस की तैयारी के लिए भी साल भर मिल गया। बचपन से ही मुझे समाज सेवा का सपना था। मेरे सफलता का एक ही मूलमंत्र है मेहनत। मुझे मेरे परिवार का सहयोग, समर्पण भी मिला। फल की इच्छा किए बगैर लगातार तीन साल मेहनत की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है।
रौनक और संजय को रायपुर कलेक्टर ने दी बधाई
रायपुर के मोवा रहवासी रौनक अग्रवाल संजय डहरिया दोनों यूपीएससी में इंटरव्यू से पहले जिला प्रशासन के मॉक इंटरव्यू में शामिल हुए थे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने दोनों अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया था और उन्हें इंटरव्यू को लेकर टिप्स दिए थे। दोनों के चयन की सूचना मिलने पर कलेक्टर डॉ. गौरव उनके घर गए और उन्हें बधाई दी।
धैर्य रखो तो जीवन में सब हासिल होता है : डायमंड
डायमंड सिंह ध्रुव छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। पुलिस सेवा ज्वाईन करने के बाद भी यूपीएससी की तैयारी करते रहे। डायमंड सिंह ने कहा कि धैर्य रखो तो जीवन में सब हासिल होता है।
अंकित की सफलता से बीजापुर क्षेत्र खुशी का माहौल
अंकित संकनी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्र और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। अंकित की सफलता से भैरमगढ़ सहित पूरे बीजापुर जिले के युवाओं को प्रेरणा मिली है।
यूपीएससी में छग के सफल अभ्यर्थी
नाम स्थान रैंक
वैभवी अग्रवाल रायपुर 35
दर्शना सिंह जनकपुर 383
डायमंड सिंह धमतरी 623
रौनक अग्रवाल रायपुर 772
अंकित संकनी भैरमगढ़ 816
संजय डहरिया रायपुर 946