Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

समवेत  शिखर न्यूज़-रायपुर। विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और तय समय-सीमा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया काम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी निर्माण कार्य में कमी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित पीडब्ल्यूडी विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बागबहार–कोतबा सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले बनी सड़क अगर चार साल भी नहीं टिक पाती, तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है। मुख्यमंत्री ने इस सड़क के निर्माण में हुई संभावित गड़बड़ियों की जांच के निर्देश दिए हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण के टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन तक पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। कई ठेकेदार बेहद कम दर यानी बिलो रेट पर टेंडर ले लेते हैं, जिससे काम की गुणवत्ता और समयसीमा प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाएगी।

समीक्षा बैठक में लगभग 353 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई, जो मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, अंबिकापुर, पत्थलगांव, कुनकुरी और जशपुर होते हुए झारखंड सीमा तक जाता है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बनने वाले शासकीय भवनों के डिजाइन को भी आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने और एक जैसे डिजाइन की जगह अब नई तकनीक और आधुनिक वास्तुशिल्प को अपनाया जाए, साथ ही जमीन के बेहतर उपयोग के लिए वर्टिकल निर्माण को बढ़ावा दिया जाए।