0 हरिद्वार में 3 पाकिस्तानी शरणार्थियों को दी नागरिकता
0 ई-जीरो एफआईआर सिस्टम शुरू
हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित राज्य सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवार रहे हैं। केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर निकालने का काम किया जाएगा।
एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे शाह का देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पर पहुंचे। यहां उन्होंने ई-जीरो एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की और 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिसके बाद सीएए के तहत 3 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी शरणार्थी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए यहां के युवाओं ने लंबा संघर्ष किया था। उस समय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने आंदोलनकारियों पर दमन किया था। रामपुर तिराहा कांड को उत्तराखंड कभी नहीं भूल सकता। श्री शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण और महाकाल लोक जैसे कई ऐतिहासिक काम पूरे किए हैं। अंग्रेजों के समय के पुराने कानूनों को समाप्त कर नई भारतीय न्याय संहिताएं लागू की गई हैं। वर्ष 2028 तक इनका पूर्ण क्रियान्वयन हो जाएगा, जिससे न्याय प्रक्रिया तेज होगी।
घुसपैठियों पर सख्ती का ऐलान
अमित शाह ने कहा कि देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर भारत से बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
2027 में कुंभ के साथ फिर बनेगी भाजपा सरकार
शाह ने कहा कि हरिद्वार का कुंभ पूरे भारत की आस्था का केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में कुंभ के साथ उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
1100 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम में 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। शाह ने कहा कि इससे राज्य के विकास को और गति मिलेगी।
सीएए के तहत शरणार्थियों को नागरिकता
शाह ने कार्यक्रम में 4 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों से आए हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता देना भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता है।
बिना सिफारिश मिल रही नौकरियां
शाह ने कहा कि आज युवाओं को नौकरी पाने के लिए न पर्ची चाहिए और न ही खर्ची। पारदर्शी व्यवस्था के कारण युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार मिल रहा है।