Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कांग्रेस सदस्य हर्षिता बघेल ने कहा-सरकार इतनी कमजोर है कि आबंटित सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं हटा पा रही
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन मंगलवार को कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने डोंगरगढ़ में सहकारी बैंक शाखा भवन निर्माण स्थान पर अतिक्रमण को लेकर मंत्री केदार कश्यप को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार इतनी कमजोर है कि आबंटित सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं हटा पा रही है। जवाब में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने पर चर्चा होने की बात कही। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। 

सदन में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने सवाल किया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा डोंगरगढ़ की जमीन पर किसका कब्जा है? उस जगह पर शाखा भवन निर्माण का भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार बैंक की शाखा किराए पर चला रही है। शाखा निर्माण की राशि स्वीकृत है। इसके बाद भी भवन निर्माण क्यों नहीं हुआ?

इस पर विभाग के मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भवन नहीं है, इसलिए किराए से चला रहे है। इस पर हर्षिता बघेल ने कहा कि बैंक किसानों के लिए है। किसानों को सुविधा नहीं मिल रही है। कब तक अतिक्रमण हटेगा? कब तक भवन बनेगा? इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जल्द से जल्द बनाएंगे। 

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरक प्रश्न करते हुए कहा कि कितनी जमीन आबंटित है? कितनी जमीन है? और कितनी जमीन पार्किंग के लिए है? जवाब में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 2200 वर्ग जमीन आबंटित है। 3 हजार वर्ग मीटर जमीन की जरूरत पार्किंग के लिए जरूरत है। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि आपके पास 19 हजार वर्ग फ़ीट जमीन खाली है। इसका मतलब आप निजी व्यक्ति को फायदा पहुंचाने के लिए अतिक्रमण नहीं हटवाया जा रहे हैं। इस पर मंत्री ने दोहराया कि जल्द से जल्द अतिक्रमण  हटाएंगे। इस पर मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया और सभी कांग्रेस सदस्य सदन से बाहर चले गए।