Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सरस्वती चौक में अखाड़ा शुभारंभ व भंडारा, महाआरती का हुआ आयोजन
रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार को धूमधाम से हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न मंदिरों के अलावा कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया। प्रसादी लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। 
श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम हुए। मंदिर समिति के अनुसार श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे विशेष जन्मोत्सव आरती से कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद सुबह 8 बजे दैनिक आरती, दोपहर 12 बजे भोग-राग आरती और रात 8 बजे महाआरती आयोजित की गई। पूरे दिन श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दर्शन किया।

सरस्वती चौक में अखाड़ा शुभारंभ और महाआरती
सरस्वती क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा सरस्वती चौक में शाम 5:30 बजे जय सरस्वती मारूति व्यायाम शाला का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल और अध्यक्षता सुनील सोनी ने किया। इसके बाद शाम 6:30 बजे महाआरती और भंडारे का आयोजन हुआ।

हनुमान चालीसा का हुआ पाठ
संजय नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा लगातार दूसरे वर्ष हनुमान चालीसा के अखंड 108 पाठ का आयोजन रखा गया। आयोजक सुभाष तिवारी के अनुसार मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल में लगातार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

श्री दूधाधारी मठ में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव 
श्री दूधाधारी मठ रायपुर में विराजित श्री संकट मोचन हनुमान जी के दर्शन के लिए लोगों का तांता दिन भर लगा रहा। सभी हाथ जोड़ कर भगवान के दर्शन की प्रतीक्षा करते हुए नजर आए। लोगों ने बारी-बारी से सपरिवार भगवान का दर्शन -पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अनेक लोगों ने जहां पर भी जगह मिला, वहां बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। कई लोग हनुमान जी की आरती गा रहे थे। अनेक लोग राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करते हुए तथा श्री राम, जय राम, जय जय राम महामंत्र का जाप करते हुए नजर आए। बहुत से लोगों ने सुंदर कांड का पाठ किया। दोपहर में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में भगवान की विशेष पूजा अर्चना की गई। श्रद्धालु भक्तों को भंडारा में भोजन प्रसादी का वितरण किया गया।