0 मोदी ने महिला आरक्षण पर विपक्ष से संसद की इसी माह पुन: हो रही बैठक में सहयोग की अपील की
तिरुअनंतपुरम/ नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है और इससे केरल जैसे राज्यों को बड़ा फायदा होगा।
प्रधानमंत्री ने केरल में एक चुनावी सभा में विपक्ष से इस मुद्दे पर सहयोग की अपील करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा के लिए कांग्रेस और इंडी गठबंधन के साथ भी एक बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हैं कि वे एकजुट होकर इस पहल का समर्थन करें। यह राजनीति का विषय नहीं है, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने का प्रयास है।'
केरल में विधान सभा चुनावों के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने आये श्री मोदी तिरुअनंतपुरम में एक विशाल रोड-शो के बाद जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिला आरक्षण को लागू करने के लिए इसी माह पुन: संसद की बैठक बुलाने के सरकार के निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार 2029 के आम चुनाव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 16 से 18 अप्रैल तक संसद पुनः बैठक करेगी, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विचार-विमर्श कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है: 2029 से संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना।" उल्लेखनीय है कि विपक्ष ने संसद की इस पुन: बैठक का यह कहते हुए विरोध किया है कि सरकार केरल सहित चार राज्यों और केंद्रशासित पांडिचेरी विधान सभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के फायदे के मद्देनजर यह बैठक बुला रही है। उनकी मांग है कि यह बैठक 29 अप्रैल को आखिरी चरण के चुनाव के बाद बुलाई जाए।
केरल में 140 सदस्यीय विधान सभा के लिए मतदान पहले चरण में ही 9 अप्रैल को कराया जा रहा है। मतगणना चार मई को होगी। प्रधानमंत्री ने तिरुअनंतपुरम की सभा में कहा कि कुछ अफवाहें फैल रही हैं कि राज्यों में जनसंख्या के आधार पर सीटें कम की जाएंगी। उन्होंने कहा, ' हम सभी राज्यों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि कोई भी सीट कम नहीं की जाएगी। बल्कि, कुल सीटों की संख्या बढ़ेगी।
श्री मोदी ने कहा, ' हमने राजग की नीतियों के माध्यम से महिलाओं को किसी भी अन्य वर्ग की तुलना में अधिक सशक्त बनाया है। महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता बना हुआ है, और हम उनके जीवन के हर चरण में आने वाली चुनौतियों का समाधान कर रहे हैं।'
उन्होंने इसी संदर्भ में घर-घर शौचालय , जन-धन बैंक खाते , गरीब परिवारों में महिलाओं के नाम पर घर, मुद्रा ऋण के माध्यम से महिला उद्यमिता को बढ़ावा, महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद और 'लखपति दीदी' कार्यक्रम की सफलता का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, ' पहले ही 3 करोड़ 'लखपति दीदी' बना चुके हैं और अब 3 करोड़ और बनाने का लक्ष्य रख रहे हैं।'
श्री मोदी ने कहा कि यदि केरल में भाजपा सरकार बनती है, तो महिलाओं को सबसे अधिक लाभ होगा।' केरल में हाल के नगर और पंचायत निकायों के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता के बाद केरल को इन चुनाव को लेकर उम्मीद बढ़ी है। केरल में भाजपा ने मेयर का चुनाव जीता है और कई वार्डों और पंचायत सदस्यों के चुनाव में भी पार्टी को सफलता मिली है।
प्रधानमंत्री ने तिरुअनंतपुरम में भाजपा के प्रत्याशी अनूप की ओर संकेत करते हुए कहा, ' केरल को इस चुनाव में लाभ होगा, हालांकि मुझे व्यक्तिगत रूप से कुछ नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा, ' एनडीए के उम्मीदवार अनूप ने पिछले पांच वर्षों में मेरे साथ पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया है। वह एक विश्वसनीय सहयोगी हैं, ईमानदार और अथक हैं, और दिन-रात काम करते हैं। मेरा मानना है कि केरल को इस युवा नेता की सेवा और ऊर्जा की आवश्यकता है। आज मैं अनूप को आप सभी के सुपुर्द करता हूं, ताकि देश के हर क्षेत्र, जिसमें दक्षिण भारत भी शामिल है, को लाभ पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।"
प्रधानमंत्री ने केरल में ईसाई समुदाय की अच्छी बड़ी आबादी के मद्देनजर कहा कि भाजपा ने पिछले कुछ चुनावों में ऐसे राज्यों में सरकार बनायी है जहां इस समुदाय की अच्छी खासी आबादी है। उन्होंने कहा , ' पूर्वोत्तर में, जहां बड़ी संख्या में ईसाई आबादी है, एनडीए ने सात राज्यों में सरकार बनाई है और दशकों से लंबित कार्यों को पूरा किया है। गोवा में भी, जहां ईसाई समुदाय की अच्छी-खासी संख्या है, हम सेवा और विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।'
उन्होंने कहा कि केरल में सरकार बनने के बाद राजग मछुआरों और स्थानीय किसानों की चिंताओं का समाधान करेगा।