Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भाजपा स्थापना दिवस पर सीएम साय ने पार्टी का झंडा फहराया
0 पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस उद्देश्य और दूरदृष्टि के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने, आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

6 से 12 अप्रैल तक ‘सेवा सप्ताह’
भाजपा प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम प्रभारी यशवंत जैन ने बताया कि स्थापना दिवस के साथ ही 6 से 12 अप्रैल तक ‘सेवा सप्ताह’ और संगठनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

दीपोत्सव और सजावट के साथ उत्सव का माहौल
पार्टी की ओर से 5 से 7 अप्रैल तक प्रदेश और जिला कार्यालयों में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। कार्यालयों को झालर, दीप और रंगोली से सजाया गया है।

बूथ स्तर पर भी आयोजन
6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इसमें पार्टी के प्राथमिक और सक्रिय सदस्य एकत्र होकर स्थापना दिवस मनाएंगे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेंगे।

8-9 अप्रैल को जिला सम्मेलन
8 और 9 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगठन विस्तार, भाजपा की विकास यात्रा और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर भी विमर्श किया जाएगा।

‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ से जनसंपर्क

7 से 12 अप्रैल तक पार्टी ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ भी चलाएगी। इस दौरान सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी गांवों और बस्तियों में प्रवास करेंगे। बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में 20 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।