0 क्वार्टर फाइनल जीतकर विजय मिश्रा सेमीफाइनल में,
0 नॉक आउट दौर पार कर नरेंद्र बंगाले पहुंचे क्वार्टर फाइनल में
0 पहले दिन खेले गए 17 मैच
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई (इनडोर गेम्स) की श्रृंखला में आज दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय सत्येंद्र गुमास्ता की स्मृति में टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब के टेबल टेनिस हॉल में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर के संभाग आयुक्त महादेव कावरे, अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी विनय बैसवाड़े तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं जनता से रिश्ता के प्रधान संपादक पप्पू फरिश्ता उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता की शुरुआत स्वर्गीय सत्येंद्र गुमास्ता को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर संभाग आयुक्त महादेव कावरे ने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में प्रतियोगिताओं का आयोजन एक सराहनीय पहल है। इससे नई पीढ़ी के पत्रकारों को अपने वरिष्ठों के कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने रायपुर के पत्रकारों द्वारा स्थापित उच्च पत्रकारिता मानकों की भी सराहना की।
अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी विनय बैसवाड़े ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बीच इस प्रकार की प्रतियोगिताएं टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं।
जनता से रिश्ता के प्रधान संपादक पप्पू फरिश्ता ने कहा कि पत्रकारिता के व्यस्त और चुनौतीपूर्ण पेशे के बीच ऐसे आयोजन ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने स्वर्गीय सत्येंद्र गुमास्ता को याद करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता जगत में एक प्रेरणास्रोत थे और उनके नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने गुमास्ता जी के समय प्रेस क्लब की परिस्थितियों और उस दौर में पत्रकारों द्वारा किए जा रहे संघर्षपूर्ण पत्रकारिता कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय सत्येंद्र गुमास्ता के पुत्र श्रेयांश गुमास्ता भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने पिता के नाम पर आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए प्रेस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पत्रकारों के बीच उनके पिता की स्मृतियाँ जीवंत रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी मुख्य अतिथियों ने टेबल टेनिस खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। जनता से रिश्ता के प्रधान संपादक पप्पू फरिश्ता के साथ संभाग आयुक्त महादेव कावरे और विनय बैसवाड़े ने टेबल टेनिस खेलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेंद्र जांगड़े के साथ पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, बृजेश चौबे, अनिल पुसद्कर तथा वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, विजय मिश्रा, संदीप पुराणिक, शंकर चंद्राकर, सत्येंद्र कर, नारायण भोई, प्रदीप दुबे, ज़ाकिर घुड़सेना, प्रदीप डडसेना, दीपक पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट की शुरुआत के साथ ही पहले दिन 17 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता 12 अप्रैल तक जारी रहेगी। प्रतियोगिता में पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। नॉकआउट दौर के मैचों के बाद कई खिलाड़ियों ने अगले चरण में प्रवेश किया।
नॉकआउट दौर के मुकाबलों के परिणाम:
नॉकआउट मुकाबलों में सिद्धार्थ श्रीवासन ने मोहित सेंगर को हराया। राकेश पांडेय ने अखिल शर्मा को 2-1 से पराजित किया। महादेव तिवारी ने संजय खरे को 2-1 से हराया। अनिल पुसदकर ने पंकज सिंह को 2-0 से मात दी। दीपेश शर्मा ने लक्ष्मण लेखवानी को 2-0 से हराया। विनोद कुमार ने कौशल तिवारी को 2-0 से पराजित किया। निकष परमार ने इम्तियाज को 2-0 से हराया।
इसके अलावा सुशील अग्रवाल ने हिमांशु शर्मा को 2-1 से हराया। नरेंद्र बंगाले ने शरणजीत तेतरी को 2-0 से मात दी। हितेश मेहता ने विक्रम साहू को 2-0 से पराजित किया तथा नारायण भोई ने संतोष साहू को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल के प्रमुख परिणाम
विजय मिश्रा ने चंदन साहू को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं नरेंद्र बंगाले ने सुशील अग्रवाल को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई..
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला जारी है प्रतियोगिता 12 अप्रैल तक चलेगी।