0 बाबरी मस्जिद बनवाने वाले का साथ नहीं देंगे, इसके बजाय विपक्ष में बैठना पंसद
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर के भाजपा से डील वाले वायरल वीडियो पर शुक्रवार को अमित शाह ने जवाब दिया। शाह कोलकाता में भाजपा का संकल्प पत्र लॉन्च करने पहुंचे थे। प्रेस कांफ्रेंस में उनसे हुमायूं के दावे पर सवाल हुआ।
शाह ने जवाब दिया कि आप ममता जी की क्षमताओं से अनजान हो। वह ऐसे 2000 वीडियो बनवा सकती हैं। हुमायूं कबीर और भाजपा नॉर्थ पोल और साउथ पोल की तरह हैं। हम कभी साथ नहीं आ सकते। हम उन लोगों के साथ बैठने के बजाय अगले 20 साल तक विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे जो बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाते हैं।
हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल चुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) बनाई है। उनका 19 मिनट का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वे बीजेपी नेताओं के साथ 1000 करोड़ की डील पर चर्चा करते दिख रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की किसी भी तरह की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने एक दिन पहले वीडियो का जिक्र कर कहा कि हुमायूं सुवेंदु अधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा के करीबी हैं। घोष ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) चुप क्यों है। उसे इस मामले की जांच करनी चाहिए। बीजेपी ने हुमायूं के जरिए मतुआ, हिंदुओं और मुसलमानों को बेवकूफ बनाने के लिए 'बी टीम' और 'सी टीम' बनाई है।