Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित हमर पहुना कार्यक्रम में कई मुद्दों पर की चर्चा
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित हमर पहुना कार्यक्रम में चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई और कड़ी होने जा रही है। रायपुर पुलिस ने संकेत दिया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ अब सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों को भी कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, शहर में लागू कमिश्नरेट सिस्टम की चुनौतियों और ट्रैफिक व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने कहा कि जनवरी 2026 से रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद पुलिस को कई मामलों में त्वरित निर्णय लेने और सख्त कार्रवाई करने के अधिक अधिकार मिले हैं। इसी के तहत ड्रग्स तस्करी के मामलों में अब आरोपियों की आर्थिक जांच भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यदि जांच में यह सामने आता है कि ड्रग्स के अवैध कारोबार से अर्जित धन से संपत्ति बनाई गई है, तो उसे कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करने के लिए सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी आर्थिक ताकत को भी खत्म करना जरूरी है।

दरअसल, पिछले कुछ महीनों में रायपुर में ड्रग्स से जुड़े मामलों में तेजी देखी गई है। पुलिस ने कई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। हाल ही में एक कार्रवाई में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे गांजा सप्लाई नेटवर्क का भी खुलासा हुआ, जिसमें 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 42 किलो गांजा बरामद किया गया।

प्रेस क्लब के कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने शहर के ट्रैफिक सिस्टम को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण ट्रैफिक प्रबंधन बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसे सुधारने के लिए पुलिस नई रणनीतियों पर काम कर रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में ड्रग्स तस्करी के मामलों में आर्थिक जांच, संपत्ति कुर्की और नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि रायपुर को नशे के कारोबार से मुक्त किया जा सके।