0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता में खिताबी भिड़ंत मंगलवार को
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन कर रोमांच से भर दिया। कड़े संघर्ष के बाद टीकम वर्मा और शिवम दुबे ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब दोनों खिलाड़ियों के बीच 14 अप्रैल को दोपहर 1 बजे खिताबी भिड़ंत होगी।
पहला सेमीफाइनल टीकम वर्मा और महादेव तिवारी के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत संतुलित रही, जहां दोनों खिलाड़ियों ने सावधानीपूर्वक मोहरों को आगे बढ़ाया। खेल के मध्य में महादेव तिवारी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन टीकम वर्मा ने भी धैर्य और सूझबूझ से चालें चलते हुए अपनी स्थिति को संभाले रखा। निर्णायक क्षण में टीकम ने सटीक संयोजन से चाल चलकर बढ़त हासिल की। आखिरकार एंडगेम में उन्होंने अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में शिवम दुबे और सुखनंदन बंजारे के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे मैच में रणनीतिक चालें चलीं और एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। लंबे समय तक दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी चालों से एक-दूसरे पर बढ़त बनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन खेल के मध्य में शिवम दुबे ने अवसर का लाभ उठाते हुए महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। सुखनंदन ने वापसी का प्रयास किया, परंतु शिवम ने सटीक गणना और बेहतरीन चाल के दम पर जीत सुनिश्चित कर ली। मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष दिनेश यदु विशेष रूप से मौजूद रहे। मैच के निर्णायक विजय मिश्रा, शंकर चंद्राकर व विनय घाटगे रहे।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, संयुक्त सचिव द्वय निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का उद्देश्य शतरंज जैसी बौद्धिक खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और प्रेस क्लब के युवा सदस्यों को मंच प्रदान करना है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां खिताब के लिए टीकम वर्मा और शिवम दुबे के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिलेगी।