Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. सत्येन्द्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस युगल प्रतियोगिता
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित स्व. सत्येन्द्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस युगल प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में विजय मिश्रा व विनोद कुमार और हितेश मेहता व लक्ष्मण लेखवानी की जोड़ी ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों विजेता जोड़ी के बीच अब मंगलवार को दोपहर 2 बजे खिताबी भिड़ंत होगी। 

पहले सेमीफाइनल में विजय मिश्रा व विनोद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नारायण भोई व नरेंद्र बंगाले की जोड़ी को 3-0 से पराजित किया। मुकाबले की शुरुआत से ही विजय और विनोद ने आक्रामक रणनीति अपनाई। उनकी आपसी समझ, सटीक सर्विस और तेज रिटर्न ने विरोधी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। पहले सेट में विजय-विनोद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरे सेट में नारायण भोई व नरेंद्र बंगाले ने वापसी की कोशिश की, लेकिन विजय-विनोद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच जीतकर बढ़त 2-0 कर दी। तीसरे सेट में भी विजय-विनोद ने अपना दबदबा कायम रखते हुए मुकाबला सीधे सेटों में 3-0 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान दोनों ओर से शानदार रैली देखने को मिली।

दूसरा सेमीफाइनल हितेश मेहता व लक्ष्मण लेखवानी और राकेश पांडेय व निकष परमार की जोड़ी के बीच खेला गया। मैच में हितेश-लक्ष्मण की जोड़ी ने कड़े संघर्ष के बाद राकेश पांडेय व निकष परमार को 3-2 से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली।  

इससे पहले खेले गए क्वार्टर फाइनल में नारायण भोई व नरेंद्र बंगाले ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कौशल तिवारी व विकास शर्मा की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उस मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी।  

हितेश एकल के सेमीफाइनल में 
सोमवार को एकल के अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच हितेश मेहता और नरेंद्र बंगाले के बीच भी खेला गया। इसमें हितेश मेहता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में हितेश का मुकाबला मंगलवार को विजय मिश्रा से होगा।