0 मुख्यमंत्री ने कहा-हम महिलाओं को उनका हक दिलाकर रहेंगे
0 महिला आरक्षण बिल गिरने पर कांग्रेस के खिलाफ उतरेगी भाजपा
रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं होने के बाद भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 70 करोड़ महिला शक्ति की उम्मीदों पर पानी फेरा गया। कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना होगा। हमारा संघर्ष जारी रहेगा। महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत का हक दिलाकर रहेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नारियों के विकास हुआ है। शौचालय निर्माण का काम, उज्ज्वला योजना में काम हुआ है। महतारी वंदन योजना के जरिए 70 लाख महिलाओं को राशि भेजने का काम हम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस अग्रेजों की चाल चलती है। 3 दशकों से महिला आरक्षण की बात कर रहे हैं, लेकिन हर बार जब इसको पास कराने की बात आती है, तो मुंह फेर लेते हैं। इस बार भी वही हुआ है। यह देश के 70 करोड़ माता-बहनों के साथ धोखा है। आने वाले समय में इंडी गठबंधन की इसका खामियाजा सहना पड़ेगा।
कांग्रेस फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वे बहुत दुखी मन से मीडिया के बीच आए हैं और 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण विपक्ष के रवैये की वजह से नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने 70 करोड़ महिला शक्ति की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया है।
सीएम श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंचायती राज में महिलाओं का आरक्षण 57 प्रतिशत है और विधानसभा में भी 21-22 प्रतिशत नारी शक्ति है। इंडिया गठबंधन के लोग अंग्रेजों की तरह “फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाते हैं और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टी धर्म के नाम पर आरक्षण की बात कहकर लोगों को बरगलाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंडिया गठबंधन को इसका खामियाजा भुगतना होगा। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का वास्तविक चेहरा सामने आ चुका है और देश की माता-बहनें सच्चाई जान चुकी हैं। सीएम श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश की महिलाओं की उम्मीदों पर पानी नहीं फिरने दिया जाएगा।
इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, रायपुर महापौर मीनल चौबे, सांसद कमलेश जांगड़े व सांसद लक्ष्मी वर्मा मौजूद रहीं।
यह विपक्ष की काली करतूतः अरुण सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने अपनी “काली करतूत” का परिचय दिया और बिल पास नहीं होने दिया। जब भी महिला अधिकार की बात आई, कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों के साथ गद्दारी की है और हमेशा उनके हितों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महिला बिल को फाड़ने तक का काम किया। समाजवादी पार्टी और आरजेडी ने हमेशा महिलाओं को गाली देने का काम किया। महिलाओं को इस बार पूरी आशा थी कि बिल पास हो जाएगा, लेकिन बिल गिरने पर विपक्ष के लोगों ने तालियां बजाईं और खुशियां मनाईं, जबकि भाजपा के लोगों की आंखों में आंसू थे। अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग चालबाज हैं और कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर बहुत बड़ा पाप किया है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। संशोधन में दो-तिहाई बहुमत चाहिए था, इसलिए उम्मीद थी कि कांग्रेस और विपक्ष समर्थन करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ लोग समर्थन करना चाहते थे, लेकिन राहुल गांधी ने ऐसा नहीं होने नहीं दिया। जो नासमझ हो उसे समझाया जा सकता है, लेकिन जो समझकर भी न समझे, वही काम कांग्रेस कर रही है। भाजपा के संविधान में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का उल्लेख है।