Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों में से 110 सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा है कि दूसरे चरण में भी जोरदार जीत हासिल कर वह राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के बाद शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी ने सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ पहले चरण के चुनाव का आकलन किया है और उसमें मिली जानकारी के आधार पर यह कहा जा सकता है कि बंगाल के लोगों ने अपना भविष्य पहले चरण के चुनाव में ही तय कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी राज्य में 16 जिलों की 152 सीटों पर हुए चुनाव में से 110 सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में भी जोरदार जीत के साथ भाजपा पांच मई को राज्य में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर विकास की राह को चुना है।

उन्होंने कहा कि राज्य में मतदान के सभी पुराने रिकार्ड टूट गये हैं और यह मतदान राज्य में सत्ता में परिवर्तन के लिए भाजपा के पक्ष में हुआ है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इन आरोपों पर कि भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में बाहर का व्यक्ति मुख्यमंत्री बनेगा इस पर श्री शाह ने कहा  कि मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्म लेने वाला, बांग्ला माध्यम से पढने वाला और बांग्ला बोलने वाला होगा लेकिन इतना जरूर है कि वह आपका भतीजा नहीं होगा बल्कि वह भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होगा। 

श्री शाह ने राज्य में सरकार बनने पर महिला सुरक्षा पर जोर देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिस राज्य की महिला मुख्यमंत्री यह कहती हो कि सात बजे के बाद महिलाओं को घर से निकलने की जरूरत नहीं है उन्हें शासन करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि वह बंगाल की माता बहनों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि 5 तारीख को भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद रात को एक बजे भी छोटी सी बच्ची या किशोरी स्कूटी लेकर निकलेगी और कोई गुंडा उसके सामने आंख उठाकर नहीं देख सकेगा।

ममता सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के सभी मामलों की उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश के नेतृत्व में जांच करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में मतदान के बंगाल के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए बंगाल की जनता ने अदभुत उत्साह और जोश के साथ राज्य में परिवर्तन के लिए वोट डाला है। उन्होंने कहा कि मतदान का जो 92 प्रतिशत का आंकडा सामने आया है वह पूरे देश के लोकतंत्र में भरोसा करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले तो प्रथम चरण में वोट डालने वाले सभी बंगाल के मतदाताओं का बहुत-बहुत अभिनंदन करना चाहता हूं और धन्यवाद भी करना चाहता हूं कि आपने भय से भरोसे की ओर बहुत अच्छे तरीके से यात्रा शुरू की है और दूसरे चरण के मतदाता भी भय से भरोसे की यात्रा को आगे बढ़ायेंगे। 

केन्द्रीय गृह मंत्री ने अब तक हुए अनेक चुनावों में हिंसा के कारण घायल हुए लोगों के आंकडे बताते हुए कहा कि 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681 और 2023 के पंचायत में 664 लोगों के घायल होने की तुलना में इस चुनाव में केवल 30 लोगों के घायल होने की खबर है।