0 टीवीके के पास अभी 113 का आंकड़ा, 11 विधायकों का समर्थन और चाहिए
0 बंगाल में 9 मई को भाजपा सरकार की शपथ
चेन्नई। तमिलनाडु में 7 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह टल सकता है। टीवीके चीफ विजय ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के मुताबिक, विजय ने 113 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है।
समर्थन पत्र में टीवीके 107 और कांग्रेस के 5 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने 118 विधायकों के समर्थन के पत्र की मांग की। इस पर विजय ने समर्थन के लिए समय मांगा।
234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके की 108 सीटें हैं, लेकिन विजय दो सीटों पर जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़ने पर यह 107 रह जाएंगी। कुल सीटें 233 होने पर भी बहुमत 118 ही रहेगा, इसलिए टीवीके को 11 और विधायक चाहिए। फिलहाल कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिला है।
टीवीके को बहुमत के लिए 11 विधायकों की जरूरत
विजय लेफ्ट और वीसीके जैसे छोटे दलों के भी संपर्क में हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर एआईएडीएमके से भी समर्थन लिया जा सकता है। हालांकि, एआईएडीएमके में 20 विधायकों में टूट की खबर भी आ रही है। फिलहाल कौन-कौन सी पार्टी उन्हें समर्थन देंगी यह साफ नहीं है। टीवीके ने बुधवार को अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित फोर पॉइंट्स नाम के रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन पत्र सौंपा
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेताओं ने टीवीके चीफ विजय से उनके पार्टी ऑफिस में मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने विजय को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया। विजय ने भी कांग्रेस विधायकों को शॉल ओढ़ाया। कांग्रेस टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी है। हालांकि, टीवीके की तरफ से अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है। बताया जाता है कि पार्टी एआईएडीएमके से भी गठबंधन को लेकर चर्चा कर रही है।
कांग्रेस बोली- टीवीके को समर्थन देकर डीएमके को धोखा नहीं दिया
इधर कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने पर लगे पीठ में छुरा घोंपने के आरोपों को खारिज किया। पार्टी नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह गलत है और एक जैसी विचारधारा के साथ सरकार बनाने में कोई समस्या नहीं है। उन्हें याद दिलाया कि 2014 में डीएमके ने खुद कांग्रेस से अलग चुनाव लड़ा था।
वहीं डीएमके नेता सरवनन अन्नादुरई ने कांग्रेस पर जनता के जनादेश के खिलाफ जाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने विजय की टीवीके को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है, जिससे पुराना गठबंधन टूट गया और राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है।
केरल कांग्रेस के विधायक दल की मीटिंग 7 मई को होगी
केरल कांग्रेस के विधायक दल की मीटिंग गुरुवार 7 मई को होगी। सीनियर कांग्रेस लीडर अजय माकन और मुकुल वासनिक बुधवार शाम को केरल पहुंचेंगे।