Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पुलिस जांच में जुटी
चंडीगढ़। पंजाब में सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास मंगलवार रात सिलसिलेवार हुए दो विस्फोट ने पूरे राज्य को दहला दिया और विपक्षी दलों ने इसकी निंदा करते हुए इसे राज्य को ‘अस्थिर’ करने का प्रयास करार दिया।

पुलिस ने बताया कि पहला विस्फोट जालंधर में रात करीब 8 बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुआ, जबकि दूसरा धमाका रात  11 बजे अमृतसर में सैन्य छावनी के पास हुआ। इन विस्फोट में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विस्फोट की दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।

अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे खासा की एक सड़क पर तेज आवाज में धमाके की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी व्यक्ति ने चारदीवारी की ओर विस्फोटक उपकरण फेंका और उससे धमाका हो गया। विस्फोट के बाद टिन की शीट का एक टुकड़ा गिर गया, जो दीवार पर लगा था। विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम और बम निष्क्रिय दस्ता घटनास्थल पहुंचा।

अमृतसर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य एस. वारियर भी घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सैन्य अधिकारियों की एक टीम ने भी घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया, जिसके बाद इलाके में घेराबंदी की गई। रात के समय हुए इस विस्फोट को आसपास के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है।

विस्फोट से एक स्कूटर और एक ‘ट्रैफिक सिग्नल’ का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया तथा पास की एक दुकान के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंजाब फ्रंटियर स्थित बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़े स्कूटर में आग लग गई। यह स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो नियमित रूप से इलाके में पार्सल पहुंचाते हैं।

पटियाला के शंभू में 27 अप्रैल को एक मालगाड़ी रेल पटरी पर विस्फोट हुआ था। पुलिस ने इस विस्फोट के लिए पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। यह मॉड्यूल खालिस्तान समर्थक है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने हालिया विस्फोटों को लेकर राज्य में गृह मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना की।

बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि 10 दिनों में तीन धमाके, एक ही दिन में दो धमाके। खुफिया विफलताओं का सिलसिला जारी है और कानून-व्यवस्था चरमरा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। राज्य के गृह मंत्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालने वाले मुख्यमंत्री नकल और घटिया राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने पद पर बने रहने का अधिकार खो दिया है।’’

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लगातार हो रहे धमाकों ने पंजाब को हिलाकर रख दिया है। कल जालंधर में और अब अमृतसर के खासा कैंप के पास, यह बेहद चिंताजनक है। हमारे राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कौन कर रहा है? पंजाब सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में क्यों विफल रही है? भारत सरकार क्या कर रही है? बार-बार हो रही चूक खुफिया और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामी की ओर इशारा करती है।’’