0 लोकभवन से इसका नोटिफिकेशन जारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी है। लोकभवन से गुरुवार शाम को इसका नोटिफिकेशन जारी हुआ। इसका मतलब है कि ममता कैबिनेट के किसी भी मंत्री के पास अब कोई पावर नहीं रहेगी। ममता ने बुधवार को कहा था कि वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी।
इधर बंगाल में हावड़ा के पास शिवपुर में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। इससे पहले बुधवार रात को सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
कोलकाता में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में परेड ग्राउंड में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। 9 मई को शपथ समारोह होगा। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी जिसमें सीएम का ऐलान हो सकता है।
टीएमसी राष्ट्रपति शासन का माहौल बना रही
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी सरकार और टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति शासन लागू हो सके। कोलकाता में दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी हारने के बाद भी इस्तीफा नहीं दे रही हैं। हम पहले भी कहते रहे हैं कि बंगाल में ऐसा माहौल बनाया जाएगा, ताकि राष्ट्रपति शासन लागू हो। ये सारी घटनाएं साबित करती हैं कि यह सब टीएमसी कर रही है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। जब उनसे पूछा गया कि शपथ लेने के बाद बंगाल सरकार के लिए कानून-व्यवस्था कितनी बड़ी चुनौती होगी, तो उन्होंने कहा कि यह उनके घोषणा पत्र की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। देबाशीष धर ने कहा कि 15 साल के जंगलराज को एक दिन में ठीक नहीं किया जा सकता, लेकिन 100 दिनों में इसे सही रास्ते पर लाया जाएगा।