Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 राज्यपाल को 118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा
0 सरकार बनाने की मंजूरी मिली 

चेन्नई। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक सस्पेंस खत्म हो गया है। टीवीके चीफ और एक्टर थलापति विजय चंद्रशेखर नए मुख्यमंत्री बनेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने की मंजूरी दे दी है। विजय शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

विजय ने शुक्रवार को लोकभवन में लगातार तीसरे दिन राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल को टीवीके, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (आई) और वीसीके के कुल 118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं। इनमें दो सीटों पर विजय जीते हैं। उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में कुल विधायक 107 हैं। कांग्रेस के 5 और सीपीआई, सीपीआई (आई) और वीसीके के 2-2 विधायकों के समर्थन से टीवीके ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ओर से अभिनेता सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली 'तमिलगा वेत्री कषगम' (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी अपने समर्थन की घोषणा की है। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि माकपा विधायक दल के नेता आर. चेल्लास्वामी ने शुक्रवार को राज्यपाल को इस संबंध में समर्थन पत्र सौंप दिया है। पार्टी की राज्य समिति के सचिव पी. शनमुगम के निर्देशों पर जारी इस बयान में कहा गया है कि माकपा के दोनों विधायक राज्य में सरकार गठन के लिए जोसेफ विजय के नेतृत्व को समर्थन देंगे। माकपा ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद तमिलनाडु की जनता के लिए एक स्थिर और लोकतांत्रिक शासन सुनिश्चित करने के हित में यह फैसला लिया गया है।
इससे पहले भाकपा ने भी आज बयान जारी कर बताया कि उसके विधायक दल के नेता टी. रामचंद्रन ने इस संबंध में तमिलनाडु के राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंप भी सौंप दिया है। पार्टी ने कहा कि यह निर्णय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद राज्य में एक स्थिर, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक सरकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते।

टीवीके समर्थकों ने लोकभवन के सामने प्रदर्शन किया
टीवीके को बहुमत नहीं मिलने के केस में डीएमके और एआईएडीएमके में गठबंधन के बाद सरकार गठन की अटकलें हैं। टीवीके ने कहा कि अगर दोनों पार्टियों ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, तो उसके सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे। टीवीके समर्थकों ने शुक्रवार सुबह गवर्नर हाउस (लोकभवन) के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की। पुलिस ने कई समर्थकों को हिरासत में लिया। कांग्रेस से गठबंधन टूटने के बाद डीएमके ने लोकसभा में अपने सांसदों की सीट बदलने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि गठबंधन टूटने के बाद सदन में कांग्रेस के साथ बैठना सही नहीं है।