0 लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनेंगे
0 हिमंता 12 मई को सुबह 11 बजे लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रविवार को हिमंता बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है। इस फैसले के साथ ही उनके लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। हिमंता 12 मई को सुबह 11 बजे लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और एनडीए (एनडीए) के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होंगे। हिमंता की ताजपोशी उत्तर-पूर्व में पार्टी की पैठ को और मजबूत करने के रूप में देखी जा रही है।
इस अवसर पर यहां आए केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने विधायक दल के नेता के रूप में श्री सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इससे पहले आज सुबह असम भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में श्री नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे।
असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि हम दोपहर तक सरकार बनाने के अपने दावे के बारे में राज्यपाल को सूचित कर देंगे। 12 तारीख को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। यह एक ऐतिहासिक पल होगा, क्योंकि पीएम मोदी की उपस्थिति में हिमंता 102 विधायकों के साथ शपथ लेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।
श्री सरमा और राजग के अन्य नेताओं का आज शाम लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करने का कार्यक्रम है।
असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। राजग ने यहां 2016 और 2021 के बाद अब 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई है। श्री सरमा के लिए मुख्यमंत्री के रूप में यह दूसरा कार्यकाल होगा। उल्लेखनीय है कि 2016 में राजग की पहली सरकार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में बनी थी, जिसके बाद 2021 में सरमा ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली और अब इस नयी जीत के साथ वे अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं।