Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 50 मार्गों पर बस सेवाएं और 3000 से अधिक गांवों में मोबाइल नेटवर्क अब नियद नेल्ला नार 2.0 की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य की महत्वाकांक्षी नियद नेल्ला नार योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव ने योजना के तहत बस्तर संभाग के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में हुए बदलावों का जायजा लिया और नियद नेल्ला नार 2.0 की आगामी कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।

बदलता बस्तर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के माध्यम से बस्तर के अंदरूनी इलाकों तक शासन की पहुंच मजबूत हुई है। वनांचल गांवों तक बिजली लाइनें पहुंचाई गई हैं, जहाँ ग्रामीणों को मुफ्त बिजली कनेक्शन और सोलर लाइट की सुविधा दी गई है। अब अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को राशन कार्ड, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और बैंक पासबुक जैसी बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकानों का निर्माण और मनरेगा के माध्यम से स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी में बड़ी उपलब्धि
बैठक में पिछले दो वर्षों की महत्वपूर्ण प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत किए गए। शिक्षा के क्षेत्र में 5 हजार 016 नई प्राथमिक शालाएं और 8 हजार 947 आंगनबाड़ी केंद्र खोले गए हैं। ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए चिन्हित गांवों में आयुष्मान मंदिर स्थापित किए गए हैं। डिजिटल और रोड कनेक्टिविटी के तहत 3 हजार 056 गांवों में मोबाइल नेटवर्क पहुँचाया गया है और 85 प्रतिशत बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ दिया गया है।

मुख्यमंत्री बस सेवा 425 गांवों में पहली बार पहुँची बस
परिवहन के क्षेत्र में हुए क्रांतिकारी बदलाव की समीक्षा करते हुए बताया गया कि ‘मुख्यमंत्री बस सेवा योजना’ के तहत बस्तर संभाग के 50 मार्गों पर 52 बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के 425 गांवों के लोग अपने जीवन में पहली बार बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।

नियद नेल्ला नार 2.0 की कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने योजना के अगले चरण यानी ‘नियद नेल्लानार 2.0’ के लिए अधिकारियों को पुख्ता रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, मनरेगा आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

नियद नेल्ला नार योजना : बस्तर के वनांचल गांवों में पहुँच रही विकास की रोशनी, मुख्य सचिव ने की कार्यों की समीक्षा